पलामू की नेहा भारती को मिला 'वंडर वुमेन अवॉर्ड', 1,000 डेयरी किसानों को जोड़ IIMs और नाबार्ड को भी बनाया मुरीद
पलामू की युवा उद्यमी नेहा भारती को टैली एमएसएमई ऑनर्स 2026 में 'वंडर वुमेन अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है। उनकी स्वधा एग्री ने 1,000 से अधिक किसानों ...और पढ़ें

नेहा भारती को मिला राष्ट्रीय सम्मान, स्वधा एग्री ने बदला पलामू के 1000 डेयरी किसानों का जीवन।
HighLights
नेहा भारती को टैली एमएसएमई ऑनर्स में 'वंडर वुमेन अवॉर्ड' मिला।
स्वधा एग्री ने 1,000 से अधिक किसानों और 3,000 ग्राहकों को जोड़ा।
पलामू के डेयरी क्षेत्र में नवाचार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया।
सच्चिदानंद, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू की युवा महिला उद्यमी एवं स्वधा एग्री स्टार्टअप की संस्थापक नेहा भारती को कोलकाता में देश के प्रतिष्ठित टैली एमएसएमई ऑनर्स 2026 के तहत वंडर वुमेन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान महिला उद्यमिता, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक बदलाव में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्यमियों को प्रदान किया जाता है।
नेहा भारती ने कोरोना लॉकडाउन के दौरान स्वधा एग्री की शुरुआत की थी। आज यह स्टार्टअप पलामू के कृषि एवं डेयरी क्षेत्र में एक सफल मॉडल बन चुका है। संस्था पशुपालकों से सीधे दूध संग्रह कर उन्हें उचित मूल्य दिलाने, वैज्ञानिक तकनीक के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और उपभोक्ताओं तक शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण दूध की होम डिलीवरी उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है।
सम्मान मिलने पर नेहा भारती ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि स्वधा एग्री की पूरी टीम, परिवार, मार्गदर्शकों और उन सभी पशुपालकों की है, जिन्होंने इस मिशन पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें अधिक से अधिक ग्रामीण पशुपालकों तक पहुंचने, उन्हें बेहतर बाजार, उचित मूल्य और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करेगा।
उनका लक्ष्य केवल दूध का कारोबार करना नहीं, बल्कि पशुपालकों के आर्थिक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। नेहा भारती की इस उपलब्धि से पलामू सहित पूरे झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
यह सम्मान ग्रामीण उद्यमिता, महिला सशक्तीकरण और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में उनके प्रयासों की महत्वपूर्ण स्वीकृति माना जा रहा है। साथ ही यह राज्य के युवाओं, विशेषकर महिला उद्यमियों के लिए प्रेरणास्रोत भी बनेगा।
खबरें और भी
नाबार्ड एग्री इनोवेटिव के टाॅप-10 स्टार्टअप्स में शामिल
स्वधा एग्री को आईआईएम बेंगलुरु, आईआईएम लखनऊ, नासकॉम तथा अमेरिकी दूतावास समर्थित स्टार्टअप नेक्सस का सहयोग प्राप्त है। कंपनी नाबार्ड एग्री इनोवेटिव के टाॅप-10 स्टार्टअप्स में शामिल रही है और एआई समिट में स्टार्टअप विद सोशल इम्पैक्ट सम्मान भी प्राप्त कर चुकी है।
इसके अलावा स्वधा एग्री ने वर्ल्ड फूड इंडिया 2024 एवं 2025, टीआईई ग्लोबल समिट, बेंगलुरु टेक समिट और स्टार्टअप महाकुंभ जैसे राष्ट्रीय आयोजनों में अपने बिजनेस मॉडल का सफल प्रदर्शन किया है।
कंपनी को स्मॉल इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बैंक ऑफ इंडिया और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडियासे शुरुआती चरण की फंडिंग भी मिल चुकी है।
स्वधा एग्री की उपलब्धियां एक नजर में
- कोरोना लॉकडाउन के दौरान हुई थी शुरुआत।
- पलामू के 1,000 से अधिक किसान स्टार्टअप से जुड़े।
- 3,000 से अधिक ग्राहक नियमित रूप से सेवाएं ले रहे हैं।
- कंपनी का समेकित राजस्व 5 करोड़ रुपये से अधिक।
- ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर सृजित।
- राष्ट्रीय और वैश्विक मंचों पर बनाई पहचान