पलामू के हुसैनाबाद में अवैध निजी क्लिनिक पर प्रशासन की कार्रवाई, मां चिल्ड्रेन हॉस्पिटल सील
पलामू के हुसैनाबाद में मां चिल्ड्रेन हॉस्पिटल को प्रशासन ने सील कर दिया है। यह अस्पताल बिना पंजीकरण के चल रहा था और इसमें बायोमेडिकल व फायर सेफ्टी उपक ...और पढ़ें

हुसैनाबाद में अवैध निजी क्लिनिक पर प्रशासन की कार्रवाई, मां चिल्ड्रेन हॉस्पिटल सील
HighLights
अस्पताल बिना पंजीकरण और आवश्यक सुविधाओं के चल रहा था।
नवजात शिशु के इलाज में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
प्रशासन ने अवैध अस्पताल को सील कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
संवाद सूत्र, हुसैनाबाद (पलामू)। स्थानीय सिद्धनाथ नगर के नबीनगर रोड में संचालित मां चिल्ड्रेन हॉस्पिटल पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पलामू असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर की गई।
हुसैनाबाद अंचलाधिकारी पंकज कुमार और अनुमंडलीय अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. संजय कुमार रवि ने हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अस्पताल बिना किसी पंजीकरण के संचालित हो रहा था।
इसके अलावा, बायोमेडिकल और फायर सेफ्टी उपकरणों की कमी, अस्पताल परिसर में गंदगी, मरीजों के बैठने की समुचित व्यवस्था का अभाव, डॉक्टर और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की अनुपस्थिति जैसी कई गंभीर कमियां सामने आईं।
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एसके रवि ने बताया कि जांच के दौरान एक नवजात शिशु जान्डिस की बीमारी के इलाज के लिए भर्ती मिला था, लेकिन इलाज के लिए आवश्यक उपकरण जैसे रेडिएंट वार्मर और फोटोथेरेपी मशीन कार्यरत नहीं थे।
स्वजनों से इलाज के नाम पर 15 हजार रुपये नकद वसूले जाने की बात भी सामने आई। इसके अलावा, अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों की कोई आधिकारिक सूची या शैक्षणिक प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं था। मौके पर केवल लगभग 17 वर्षीय एक युवक मौजूद मिला, जिसने खुद को सीखने के उद्देश्य से कार्यरत बताया।
अस्पताल में शुल्क सूची, एम्बुलेंस सेवा और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव था। इन सभी गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने अस्पताल को सील कर दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।