पलामू में पारिवारिक विवाद के बीच मां ने दो बेटियों संग कुएं में लगाई छलांग, दोनों मासूमों की मौत
पलामू के नावाबाजार में पारिवारिक विवाद के बाद एक मां ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में दोनों बच्चियों की मौत ...और पढ़ें

पारिवारिक विवाद के बाद मां ने बेटियों संग कुएं में लगाई छलांग।
HighLights
पारिवारिक विवाद के बाद मां ने बेटियों संग कुएं में लगाई छलांग।
घटना में दोनों मासूम बच्चियों की डूबने से हुई दर्दनाक मौत।
संवाद सूत्र, नावाबाजार (पलामू)। पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में बुधवार रात एक दर्दनाक घटना में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। घटना में दोनों बच्चियों की डूबने से मौत हो गई, जबकि महिला को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मृत बच्चियों की पहचान प्रिया कुमारी (4 वर्ष 6 माह) और डोली कुमारी (2 वर्ष 7 माह) के रूप में हुई है। उनकी मां सरिता देवी, पति छोटेलाल प्रजापति, इस घटना में बच गईं। बताया गया कि बुधवार रात करीब 8:30 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ।
इसके बाद सरिता देवी अपनी दोनों बेटियों को लेकर घर के समीप स्थित पक्के कुएं तक पहुंचीं और उनके साथ कुएं में छलांग लगा दी। परिजनों के अनुसार, बड़ी बेटी सुषमा कुमारी भी उनके साथ थी, लेकिन उसके शोर मचाने पर वह कुएं में नहीं गिरी।
कुएं में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मोटर की सहायता से पानी निकालकर सरिता देवी को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी।
मृतका के ससुर बालगोविंद प्रजापति ने पुलिस को दिए लिखित बयान में आरोप लगाया है कि उनका पुत्र छोटेलाल प्रजापति नशे का सेवन करता है और अक्सर पत्नी के साथ मारपीट व विवाद करता था। बुधवार रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद यह घटना हुई। सूचना मिलने पर नावाबाजार थाना पुलिस के सब इंस्पेक्टर सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे।
खबरें और भी
पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर भेज दिया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद कंडा गांव में शोक का माहौल है।