गहने साफ करने के नाम पर ठगी करने वाले बिहार के 6 बदमाश पलामू में गिरफ्तार, आभूषण और 3 बाइक जब्त
पलामू पुलिस ने गहने साफ करने के बहाने ठगी करने वाले छह लोगों के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और उनके पास से आभू ...और पढ़ें

बिहार के 6 बदमाश पलामू में गिरफ्तार
HighLights
पलामू में गहने साफ करने वाले गिरोह का खुलासा।
बिहार के छह ठग गिरफ्तार, आभूषण व बाइक बरामद।
महिला को झांसा देकर मंगलसूत्र की ठगी की थी।
संवाद सूत्र, छतरपुर (पलामू)। जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संगठित ठगी गिरोह का खुलासा करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह गांव-गांव घूमकर लोगों को सोना-चांदी साफ करने के नाम पर झांसे में लेकर आभूषणों की ठगी करता था।
छतरपुर एसडीपीओ ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि बीते 02 जून को नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के हुल्सी खुर्द गांव में दो युवकों ने एक महिला को चांदी साफ करने का झांसा देकर पहले उसका विश्वास जीता।
कागज में पाउडर लपेटकर दे दिया
इसके बाद दोनों ने महिला का मंगलसूत्र साफ करने के बहाने अपने कब्जे में ले लिया और बदले में कागज में पाउडर लपेटकर दे दिया, यह कहते हुए कि कुछ देर बाद खोलने पर आभूषण चमक जाएगा। लेकिन महिला की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता से मौके पर ही दो आरोपित प्रिंस कुमार और राहुल कुमार को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान राहुल कुमार के बैग से मंगलसूत्र बरामद हुआ। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के अन्य चार सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
बिहार के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपितों में बिहार के सुपौल जिला के जदिया बाजार थाना क्षेत्र के जदिया गांव निवासी प्रिंस कुमार (20),राहुल कुमार (21),रोहित कुमार (21), अररिया जिला के रानीगंज थाना क्षेत्र के मटियारी गांव निवासी प्रभु कुमार शाह (28), रोहन कुमार (22),अक्षय कुमार (22) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से सोने जैसा मंगलसूत्र, चांदी साफ करने वाला पाउडर, हार्पिक डब्बे में रखा एसिड, लोहे के दो औजार, तीन बाइकें (अपाची बीआर 50 एएफ 0397, पल्सर बीआर 38एबी 0880, होंडा एमएच 27बीएच 2921) और एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन बरामद की है।
खबरें और भी
इस संबंध में पीड़िता अनिता देवी के आवेदन पर नौडीहा बाजार थाना कांड संख्या 47/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 316(2), 318(4), 112(2) के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार, पुअनि रोहित चौहान, सअनि दीपक कुमार (अनुसंधानकर्ता), सअनि राजेश बैठा शामिल थे।