पलामू के JMP परिसर में गार्ड की गोली मारकर हत्या, बर्थडे पार्टी विवाद से जुड़ रहे तार
मेदिनीनगर के जेएमपी परिसर में ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड विनोद पाण्डेय की रविवार रात अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने जांच श ...और पढ़ें

मेदिनीनगर में सिक्योरिटी गार्ड विनोद पाण्डेय की गोली मारकर हत्या।
HighLights
मेदिनीनगर के जेएमपी परिसर में सुरक्षा गार्ड की हत्या।
विनोद पांडे को देर रात गोली मारकर फरार हुए अपराधी।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। शहर के बाईपास रोड स्थित जेएमपी परिसर में रविवार देर रात बेखौफ अपराधियों ने सुरक्षा गार्ड विनोद पांडे (50) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड का तार 15 जुलाई को जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद से जोड़कर देख रही है। हालांकि, पुलिस ने हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतक विनोद पांडे पंडवा थाना क्षेत्र के राजहारा के निवासी थे और जेएमपी परिसर में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे एक युवक स्कूटी से जेएमपी परिसर में पहुंचा। इसके कुछ देर बाद उसने अपने दो अन्य साथियों को भी वहां बुला लिया। तीनों आरोपी कुछ समय तक परिसर में घूमते रहे।
इसके बाद उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड विनोद पांडे को उठाकर गेट के समीप ले गए और बेहद करीब से गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 15 जुलाई की रात परिसर में आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान परिसर के मैनेजर सोनू सिंह और जटेश्वर मेहता के पुत्र कमलेश मेहता के बीच विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के कारण हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
खबरें और भी
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।