Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अगर बचा सको तो बचा लो... दोस्त के फोन पर आया युवती का फोन, फिर पलामू में पेड़ से लटका मिला युवक का शव

    Updated: Sat, 16 May 2026 06:58 PM (IST)

    पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र के दुलसुलमा गांव में 18 वर्षीय पवन सिंह का शव पेड़ से लटका मिला, जिसे परिजनों ने हत्या बताया है। ...और पढ़ें

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

    HighLights

    1. सतबरवा में 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला।

    2. परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोप लगाए।

    3. पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की।

    संवाद सूत्र, सतबरवा (पलामू)। सतबरवा थाना क्षेत्र के दुलसुलमा गांव में 18 वर्षीय युवक पवन सिंह की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

    शुक्रवार देर रात हडही पहाड़ के समीप एक पेड़ से उसका शव लटका मिलने के बाद परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है।

    मृतक के पिता विजय सिंह ने बताया कि 15 मई की रात उनका बेटा पवन सिंह बीएसएनएम कॉलेज के सामने एक घर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था।

    देर रात अचानक पवन के दोस्त दीपक सिंह के मोबाइल पर एक युवती का फोन आया, जिसमें कहा गया कि 'अगर बचा सकते हो तो बचा लो, वह फांसी लगाने जा रहा है।' यह सुनते ही स्वजन और दोस्त उसकी तलाश में निकल पड़े।

    स्वजनों के अनुसार, खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि पवन को कुछ लोगों के साथ हड़ही पहाड़ की ओर जाते देखा गया था। जब स्वजन वहां पहुंचे तो पवन का शव पेड़ से लटका मिला।

    हत्या का आरोप

    आनन-फानन में शव को नीचे उतारकर इलाज के लिए तुम्बागड़ा स्थित नवजीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के पिता विजय सिंह, मां और बहन ने हत्या का आरोप लगाते हुए सतबरवा थाना में बयान दर्ज कराया है।

    फर्द बयान में गांव की एक महिला, उसके पति, देवर तथा लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के दो अन्य लोगों को नामजद किया गया है। आरोप है कि सभी ने मिलकर पवन की हत्या की और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया।

    शनिवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेदिनीराय मेडिकल कालेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव स्वजनों को सौंप दिया।

    घटना के बाद गांव में मातम और तनाव का माहौल है। वहीं थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है तथा नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- ओमान-बांग्लादेश और यूएई के लोगों को बेचते थे चाइल्ड एब्यूज मटेरियल, झारखंड से 2 लोग गिरफ्तार