पलामू में करमा पूजा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, कोयल नदी में डूबने से चार युवकों की मौत, एक की तलाश जारी
चैनपुर के बोकेया पतरिया गांव में करमा पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान कोयल नदी में पांच युवक डूब गए। इस ...और पढ़ें
HighLights
करमा पूजा सामग्री विसर्जन के समय कोयल नदी में हादसा।
चैनपुर के बोकेया पतरिया गांव में पांच युवक डूबे।
संवाद सूत्र, चैनपुर (पलामू)। चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव में बुधवार सुबह करमा पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं। करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने कोयल नदी में उतरे पांच बच्चे तेज धार की चपेट में आकर डूब गए। इनमें चार की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय हेमंत सिंह का शव अब तक बरामद नहीं हो सका है। नदी किनारे सैकड़ों ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह पतरिया गांव के पांच बच्चे करमा पूजा की सामग्री लेकर कोयल नदी में विसर्जन करने पहुंचे थे। सामग्री विसर्जित करने के दौरान अचानक सभी बच्चे नदी की तेज धारा में बह गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और बचाव व तलाश अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने चार बच्चों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने चारों शवों को अस्पताल भेज दिया है। वहीं पांचवें बच्चे हेमंत सिंह की तलाश जारी है।
मृतकों की पहचान पतरिया गांव निवासी नीतीश कुमार सिंह (18), पिता बाबूलाल सिंह, अमित कुमार ठाकुर (22), पिता पुरानी ठाकुर, राजा सिंह (12), पिता संजय सिंह तथा विशाल पासवान (16), पिता तिलकधारी पासवान के रूप में हुई है। वहीं हेमंत सिंह (8), पिता सुनील सिंह का शव अभी तक बरामद नहीं हुआ है।
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि करमा पूजा की सामग्री विसर्जन के दौरान कोयल नदी में पांच बच्चे डूबे हैं। इनमें चार की मौत हो गई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ले रही है और लापता बच्चे की तलाश कराई जा रही है।
