रामगढ़ में निजी क्रशर में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, उप चालक को मारी गोली; राहुल दुबे गैंग का मिला धमकी भरा पर्चा
गिद्दी के एक निजी क्रशर में शनिवार शाम तीन हथियारबंद अपराधियों ने हाइवा के उपचालक को गोली मार दी। राहुल दुबे गैंग के नाम से धमकी भरा पर्चा छोड़कर अपरा ...और पढ़ें

गिद्दी क्रशर में उपचालक को अपराधियों ने मारी गोली। जागरण
HighLights
गिद्दी क्रशर में उपचालक को अपराधियों ने मारी गोली।
राहुल दुबे गैंग ने धमकी भरे पर्चे छोड़े, दहशत।
संवाद सूत्र, गिद्दी (रामगढ़)। गिद्दी परियोजना में संचालित आनंद जैन के निजी क्रशर में शनिवार शाम करीब 6.30 बजे तीन हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर दहशत फैला दी। अपराधियों ने कोयला लोडिंग के लिए खड़े हाइवा के उपचालक गिद्दी हनुमान चौक निवासी करण कुमार के दोनों पैरों में गोली मार दी और राहुल दुबे गैंग के नाम का धमकी भरा दो पर्चा छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है तथा निजी क्रशर में ट्रांसपोर्टिंग कार्य समाचार भेजे जाने तक बंद था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक लोहा पुल की ओर से क्रशर पहुंचे। इनमें एक युवक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दो युवक हथियार लेकर हाइवा (बीआर-01जीक्यू-4669) के पास पहुंचे।
उन्होंने हाइवा के स्टेरिंग पर बैठे उपचालक करण कुमार से दरवाजा खोलने को कहा। जैसे ही उसने दरवाजा खोला तो अपराधियों ने उसके दोनों पैरों में दो गोलियां दाग दीं। इसके बाद धमकी भरा पर्चा छोड़कर तीनों उसी रास्ते से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर समीप खड़े हाइवा के चालक गिद्दी चीफ हाउस निवासी अनोज कुमार व अन्य कर्मियों ने घायल करण कुमार को तत्काल सीसीएल गिद्दी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. कनौजिया अनिल कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
खबरें और भी
वहीं घटना की सूचना मिलते ही गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, एएसआई रमेशचंद्र हजाम पुलिस बल के साथ घटनास्थल एवं अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घायल से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल से राहुल दुबे गैंग के नाम से छोड़े गए दो पर्चे जब्त किए।
पर्चे में लिखा गया है, 'आनंद जैन, हमें लगता है कि अब तक तुम समझ गए होगे। अगर अब भी नहीं समझे तो अगला टारगेट तुम होगे।' इसके नीचे राहुल दुबे गैंग के साथ अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नाम लिखे गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों अपराधियों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच थी। इनमें एक युवक सफेद टी-शर्ट पहने हुए था और एक ने हेलमेट लगा रखा था। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों तेज रफ्तार से लोहा पुल की ओर भाग निकले।
घटना के बाद घायल के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। दूसरी ओर पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया है।
यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि जिस निजी क्रशर में वारदात हुई, उसके बिल्कुल समीप सीसीएल का चेकपोस्ट है, जहां सुरक्षा कर्मियों के अलावा सेल की गाड़ियों की आवाजाही लगातार होती रहती है। इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर फायरिंग की और आसानी से फरार हो गए।
राहुल दुबे गैंग के निशाने पर सीसीएल अरगडा क्षेत्र के निजी क्रशर
सीसीएल अरगडा क्षेत्र में संचालित निजी क्रशरों और ट्रांसपोर्टिंग कारोबार पर लगातार हमले हो रहे हैं। इससे पहले 13 अप्रैल 2025 और 27 जून 2026 को सिरका चेकपोस्ट पर राहुल दुबे गैंग के नाम से फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं।
वहीं 24 अप्रैल 2026 को गिद्दी-सी स्थित निजी क्रशर की ट्रांसपोर्टिंग में लगे हाइवा में आग लगाने और भागने के दौरान फायरिंग की गई थी। इसके बाद 2 जून 2026 की रात गिद्दी-सी परियोजना के चेकपोस्ट पर भी गोलीबारी हुई।
इससे पहले जनवरी 2024 में गिद्दी के निजी क्रशर और ट्रांसपोर्टिंग कार्य से जुड़े तत्कालिक ट्रांसपोटर के ऑसिफर कालोनी स्थित आवास पर भी फायरिंग की घटना हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी भोला पांडेय गिरोह पर आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से यह स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि सीसीएल अरगडा क्षेत्र के निजी क्रशर एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर हैं।