रामगढ़ में संडे ड्यूटी बंद करने का विरोध, गिद्दी परियोजना के कर्मियों ने रखी कई मांगें
गिद्दी परियोजना के कर्मियों ने संडे ड्यूटी बंद करने के विरोध में बैठक की। उन्होंने कार्यस्थल पर सुविधाओं और व्यवस्थित कार्यप्रणाली की मांग करते हुए प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया।

प्रबंधन के विरोध में आयोजित बैठक में मौजूद कर्मी। जागरण
HighLights
संडे ड्यूटी बंद करने के विरोध में कर्मियों ने की बैठक।
प्रबंधन से अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील।
संवाद सूत्र, गिद्दी (रामगढ़)। गिद्दी परियोजना में संडे ड्यूटी बंद करने के विरोध में रविवार को आपरेटर, माइनिंग, फील्ड मेंटेनेंस, वर्कशाप मेंटेनेंस और विद्युत विभाग के कर्मियों की एक आवश्यक बैठक गिद्दी दुर्गा मंडप के समीप हुई। सुबह आठ बजे हुई बैठक में कर्मियों ने कार्य व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
कर्मियों ने कहा कि रविवार की ड्यूटी के लिए पूर्व की तरह सूची तैयार कर कार्य कराया जाना चाहिए। रविवार को कराए गए कार्य में किसी प्रकार की कटौती नहीं होनी चाहिए। कर्मियों ने स्पष्ट किया कि वे निर्धारित समय पर ड्यूटी में उपस्थित होकर अपने कार्य का निर्वहन करेंगे, लेकिन कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाएं और समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जो मशीन कार्य करने योग्य नहीं है, उसे नहीं चलाया जाएगा। फील्ड में मशीन तक पहुंचने के लिए कर्मियों के आवागमन की समुचित व्यवस्था करनी होगी। कार्यस्थल पर सुपरवाइजर की मौजूदगी में ही काम कराया जाए। कर्मियों ने टेलीफोनिक आदेश के बजाय कार्यस्थल पर संबंधित अधिकारी की मौजूदगी में आवश्यक दिशा-निर्देश देने की मांग की।
कर्मियों ने सररा काम नहीं कर टीफिन के लिए निर्धारित समय का पालन करने, लेबर अफसरों द्वारा अपने कार्यों का समय पर निष्पादन करने अन्यथा उनका स्थानांतरण करने तथा कार्यपालक अभियंता के समय पर ड्यूटी पर उपस्थित होकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
साथ ही कहा कि जिन अधिकारियों या कर्मचारियों के स्तर से कार्य समय पर पूरा नहीं हो रहा है, प्रबंधन उन्हें चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करे, ताकि परियोजना का काम प्रभावित न हो।
बैठक में कर्मियों ने कहा कि रविवार की ड्यूटी पूर्व निर्धारित व्यवस्था और सूची के अनुसार होगी, तभी सभी कर्मी कार्य करेंगे। रविवार की ड्यूटी करने के बाद किसी प्रकार की कटौती की गई तो इसका सामूहिक रूप से विरोध किया जाएगा। कर्मियों ने कहा कि उनका उद्देश्य काम में बाधा डालना नहीं, बल्कि निर्धारित कार्य के अनुरूप पारदर्शी और व्यवस्थित ड्यूटी व्यवस्था सुनिश्चित कराना है।
बैठक में रंधीर सिंह, विजय सिंह, मोईन, सोनू कुमार, श्रीभगवान यादव, सूरजचंद्र गोस्वामी, सुरेश महतो, उत्तम कुमार गुप्ता, विनोद सिंह, धरमनाथ, दिलीप कुमार, मनप्रीत सिंह, डीबी मिश्रा, नारायण महली, नारायण प्रसाद, पप्पू करमाली, पप्पू यादव, राजेंद्र, रवि कुमार, रविंद्र कुमार, उमेश मिश्रा, रितेश महली, सुधीर सिंह, मुखरी राजाभा, प्रदीप सिंह, रमेश कुमार चेरो, जितेंद्र राणा, दिवेश राणा, बिरजू साव, शंकर मुंडा, सुशील झा, मोसीन खान, पुनीत ठाकुर, त्रिभुवन समेतक्षदर्जनों कर्मी उपस्थित थे।
