Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अब पानी पर होगा डिनर, शामें होंगी रंगीन... पतरातू डैम को मिले दो फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और म्यूजिकल फाउंटेन की सौगात

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 06:59 PM (GMT+05:30)

    पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने रामगढ़ के पतरातू डैम में दो फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और एक म्यूजिकल फाउंटेन का लोकार्पण किया। यह पहल पतरातू को झारखंड क ...और पढ़ें

    पतरातू डैम में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का लुफ्त उठाते मंत्री विधायक व अन्य।

    पतरातू डैम में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का लुफ्त उठाते मंत्री विधायक व अन्य।

    HighLights

    1. पर्यटन मंत्री ने पतरातू डैम में किया लोकार्पण।

    2. दो फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और म्यूजिकल फाउंटेन का उद्घाटन।

    3. पर्यटकों को मिलेंगे नए आकर्षण और बेहतर सुविधाएं।

    संवाद सूत्र, पतरातू वैली (रामगढ़)। झारखंड के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल पतरातू डैम ने गुरुवार को अपने पर्यटन इतिहास का नया अध्याय लिखा। पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने यहां दो अत्याधुनिक फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और म्यूजिकल फाउंटेन का लोकार्पण किया। इन नई सुविधाओं के शुरू होने से पतरातू लेक रिजॉर्ट अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य ही नहीं, बल्कि वाटर डाइनिंग और लाइट एंड म्यूजिक शो का भी नया केंद्र बनेगा।

    लोकार्पण समारोह में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, रामगढ़ विधायक ममता देवी, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, उपायुक्त ऋतुराज, डीएफओ नीतीश कुमार, पर्यटन विभाग के एमडी प्रेम रंजन सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

    पर्यटन क्षेत्र प्राधिकार बनाने की घोषणा

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला राज्य है। सरकार पर्यटन स्थलों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

    उन्होंने बताया कि पतरातू के समग्र विकास, बेहतर प्रबंधन और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए पर्यटन क्षेत्र प्राधिकार का गठन किया जाएगा। वहीं, उपायुक्त ऋतुराज ने भी पतरातू लेक रिजॉर्ट को राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

    पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेगा म्यूजिकल फाउंटेन

    पतरातू डैम में स्थापित म्यूजिकल फाउंटेन अब पर्यटकों के लिए नया आकर्षण होगा। संगीत, रंग-बिरंगी रोशनी और पानी की मनमोहक प्रस्तुति शाम के समय पर्यटकों को विशेष अनुभव देगी। इसके साथ ही फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में जलाशय के बीच भोजन का आनंद लेने का अनूठा अवसर मिलेगा।

    खबरें और भी

    एक साथ 30 पर्यटक कर सकेंगे सफर

    पतरातू डैम में शुरू किए गए दोनों फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में पांच क्रू मेंबर के अलावा एक समय में 30 पर्यटक सवार हो सकेंगे। इनका निर्माण सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया गया है। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में यात्रा के दौरान सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य होगा। हालांकि टिकट दर और संचालन संबंधी नियमों की घोषणा अभी नहीं की गई है।

    शाम तक बढ़ाना होगा एंट्री का समय

    म्यूजिकल फाउंटेन का असली आकर्षण सूर्यास्त के बाद दिखाई देगा। ऐसे में पतरातू लेक रिजॉर्ट के मौजूदा समय (सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक) में बदलाव की जरूरत होगी। पर्यटकों को रात के समय लाइट, संगीत और पानी के शानदार समन्वय का आनंद दिलाने के लिए पर्यटन विभाग जल्द नई समय-सारिणी जारी कर सकता है।

    नई सुविधाओं के शुरू होने के बाद उम्मीद है कि पतरातू डैम में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और यह झारखंड के पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूत पहचान बनाएगा।