विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में ब्रेक फेल होते ही बेकाबू हुआ ट्रेलर, दो बाइक समेत चार वाहन को रौंदा; एक की मौत  

Published: Wed, 26 Aug 2026 09:25 AM (IST)

रामगढ़ की चुटूपालू घाटी में एक ब्रेकफेल ट्रेलर ने कई वाहनों को रौंद दिया, जिससे एक बाइक सवार की मौके ...और पढ़ें

दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के चक्के में घुसा बाइक।

दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के चक्के में घुसा बाइक।

जागरण संवाददाता, रामगढ़। नेशनल हाइवे फोरलेन की चुटूपालू घाटी में मंगलवार की देर शाम बड़ा सड़क हादसा हुआ। रांची की ओर से आ रहे एक ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद ट्रेलर डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरे छोर पर पहुंच गया और पलट गया। हादसे के दौरान ट्रेलर की चपेट में दो बाइक, एक स्कार्पियो और एक बोलेरो आ गए।

इस दुर्घटना में एक बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान स्कार्पियो और बोलेरो में सवार लोग बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद चुटूपालू घाटी में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। घाटी के एक छोर पर करीब तीन किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। देर रात तक घाटी में जाम की स्थिति बनी रही।

घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा और रामगढ़ थाना इंस्पेक्टर नवीन पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने में जुटी रही, ताकि घाटी में आवागमन सामान्य कराया जा सके। देर रात तक वाहनों को हटाने का काम जारी था और घाटी में जाम की स्थिति बनी हुई थी।