अमेरिका से सोने-कपड़ों का पार्सल भेजने का झांसा, 5.50 लाख की साइबर ठगी; रामगढ़ से आरोपी गिरफ्तार
गुजरात पुलिस ने अमेरिका से सोने के गहने भेजने के बहाने लाखों की साइबर ठगी का खुलासा किया है। इस ...और पढ़ें

आरोपित को लें जाती गुजरात पुलिस। जागरण
HighLights
गुजरात पुलिस ने रामगढ़ से साइबर ठग को गिरफ्तार किया।
अमेरिका से सोने के पार्सल के नाम पर लाखों की ठगी।
संवाद सूत्र, गोला (रामगढ़)। रामगढ़ के गोला अमेरिका से सोने के गहने और कपड़ों का पार्सल भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने के मामले का गुजरात के डांग जिले की सापुतारा पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने गोला थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ठगों ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर शिकायतकर्ता से संपर्क किया था। इसके बाद अमेरिका से सोने के गहने और कपड़ों का पार्सल भेजने का प्रलोभन दिया गया। ठगों ने गहनों और कपड़ों की तस्वीरों के साथ कथित बिल भी भेजे और पार्सल भेजे जाने का विश्वास दिलाया।
बाद में अलग-अलग कारण बताकर शिकायतकर्ता से कुल 5 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। इस संबंध में सापुतारा थाना में 25 मई 2026 को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस इंस्पेक्टर जेके बारिया के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग लेनदेन की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
जांच में पता चला कि ठगी की रकम एटीएम के माध्यम से निकाली गई थी। इसके बाद पुलिस ने एटीएम से पैसे निकालने वाले खाताधारक की पहचान की और गोला थाना क्षेत्र में छापामारी कर आरोपी कृष्ण कुमार 19 वर्ष पिता अनुज मुंडा निवासी चोकाद करमाली टोला, पोस्ट मगनपुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद डांग जिला पुलिस आरोपी को अपने साथ गुजरात ले गई।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। बताया गया कि कृष्ण कुमार के साथ एक अन्य युवक भी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में सापुतारा थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
