विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामगढ़ में मेला घूमकर लौटते समय पत्नी से हुआ विवाद, तो गाड़ी से उतरा युवक; सुबह सड़क किनारे मिला शव

Published: Wed, 21 Oct 2026 02:48 PM (IST)

रामगढ़ के गिद्दी-नईसराय मार्ग पर रोहित प्रजापति का शव मिला, जिसके गले और पेट पर निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

सड़क जाम करते लोग

सड़क जाम करते लोग

HighLights

  1. गिद्दी-नईसराय मार्ग पर रोहित प्रजापति का शव बरामद।

  2. गले और पेट पर निशान, हत्या की आशंका जताई गई।

  3. पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था रोहित।

संवाद सूत्र, गिद्दी (रामगढ़)। कुजू ओपी क्षेत्र के गिद्दी-नईसराय मार्ग पर पड़ारूनाला पुल (सिरका बुधबाजार पुल) के पास बुधवार सुबह करीब छह बजे सिरका कउवाबेड़ा निवासी रोहित प्रजापति का शव मिला। गले और पेट पर निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया।

रोहित के भाई करण कुमार प्रजापति ने बताया कि वह पत्नी अंजू देवी और बच्चों के साथ पिछले एक साल से रामगढ़ में किराये के मकान में रह रहा था। परिवार में बेटियां आरुषी कुमारी, पायल कुमारी और किरण कुमारी तथा बेटा कृष कुमार हैं। रोहित और उसकी पत्नी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। 

माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर विवाद 

मौत की सूचना पर भाई घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान की। रोहित की पुत्री आरुषी कुमारी ने बताया कि मंगलवार को परिवार ने गाड़ी बुक कर अरगडा की ओर दुर्गापूजा पंडाल और मेला देखा था। 

रात करीब साढ़े नौ बजे रामगढ़ लौटने के बाद माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद रोहित गाड़ी से उतरकर चला गया। सुबह परिवार को सिरका के पास उसका शव मिलने की सूचना मिली। 

गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम

शव मिलने के बाद मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, रामगढ़ नगर परिषद उपाध्यक्ष रंधीर गुप्ता, बुमरी मुखिया करण बेदिया, बड़का चुंबा मुखिया राजेंद्र प्रसाद उर्फ राजू महतो, कांग्रेस नेता मो. शमशुद्दीन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे। 

आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए ग्रामीणों ने पेड़ लगाकर पड़ारूनाला पुल के दोनों ओर गिद्दी-नईसराय मार्ग जाम कर दिया। इससे आवागमन प्रभावित रहा। 

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

सूचना पर रामगढ़ थाना के मंजेश कुमार और कुजू ओपी के राजेश कुमार, आशीष कुमार, ओमकार पाल तथा सशस्त्र बल के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे जाम समाप्त हुआ और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। 

विधायक महतो और उपाध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि हाल के दिनों में कुजू, रामगढ़ और गिद्दी क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की कई घटनाएं हुई हैं। उन्होंने ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने, दोषियों की पहचान कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने और रोहित की मौत की गंभीरता से जांच कराने की मांग की। उन्होंने मामले की सीआईडी जांच की मांग भी की। 

गर्दन पर रस्सी का निशान

कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि मृतक की गर्दन पर रस्सी का निशान और पेट पर भी निशान मिले हैं। हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और स्वजन की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

यह भी पढ़ें- रामगढ़ में घर में घुसकर CCL कर्मी की धारदार हथियार से हत्या, पत्नी के हाथ-पैर बांधकर लूटे जेवर


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।