Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर संवरेगा नेमरा, 14 फीट ऊंची प्रतिमा का होगा लोकार्पण

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 07:02 AM (GMT+05:30)

    दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर नेमरा में 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। ...और पढ़ें

    मूर्ति का होगा लोकार्पण। (जागरण)

    मूर्ति का होगा लोकार्पण। (जागरण)

    HighLights

    1. नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट प्रतिमा का अनावरण।

    2. प्रथम पुण्यतिथि पर विकास मेला और करोड़ों की परिसंपत्तियों का वितरण।

    3. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, हजारों लोगों की सहभागिता।

    संवाद सूत्र, बरलंगा (रामगढ़)। दिशोम गुरु के आज प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सोमवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, आईजी बोकारो शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, डीआईजी हजारीबाग अंजनी कुमार झा,उपायुक्त ऋतुराज, एसपी मुकेश लुनायत ने बरलंगा थाना क्षेत्र के लुकैयाटांड का निरीक्षण किया।

    निरीक्षण के दौरान आयुक्त व आईजी ने तैयारियां की समीक्षा की और तैयारियों से उत्साहित नजर आए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों का दल दिशोम गुरु की प्रतिमा, लोगों की बैठने की व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल, सोबरन सोरेन बलिदान स्थल, हेलीपेड स्थल आदि जगहों का बारीकी से निरीक्षण किया।

    अधिकारियों ने सभी जगह साफ -सफाई का विशेष निर्देश दिया। उपायुक्त ने बताया की कार्यक्रम मे हजारों लोगों की सहभागिता होगी, इसकी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। विधि ब्यवस्था के लिए हर मोड पर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है।

    गोला से नेमरा तक श्रद्धा का माहौल

    पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि को लेकर गोला से नेमरा तक पूरा इलाका श्रद्धा,सम्मान और भावनाओं से सराबोर है।

    सड़क किनारे लगाए गए आकर्षक पोस्टर, होर्डिंग और कलात्मक प्रदर्शनी उनके जीवन के संघर्ष, जनआंदोलन,सामाजिक सरोकार और झारखंड आंदोलन की ऐतिहासिक यात्रा को जीवंत कर रहे हैं। हर चित्र मानो उनकी जीवनगाथा सुना रहा है और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दे रहा है।

    खबरें और भी

    कई तोरण द्वारों में सजी जननायक की जीवन यात्रा,नेमरा पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों पर आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए हैं। इनमें दिशोम गुरु के बचपन,महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष,जल-जंगल-जमीन की लड़ाई, झारखंड आंदोलन, जननेता के रूप में उनकी पहचान तथा राष्ट्रीय राजनीति तक के सफर को कलाकृतियों और छायाचित्रों के माध्यम से दिखाई गया है।लोग इन प्रदर्शनों का अवलोकन कर उनके संघर्षमय जीवन को नमन करते दिखाई देंगे।

    पहाड़, नदी-नाले और पुल-पुलियों तक सुरक्षा का अभेद्य घेरा

    कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। लुकैया पहाड़ से लेकर नेमरा तक पहाड़ी क्षेत्रों,नदी-नालों, पुल-पुलियों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और सुरक्षा बलों की अलग-अलग टुकड़ियां तैनात कर दी गई हैं।और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

    कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ पूरे मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है ताकि आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

    संघर्ष की अमर पहचान बनेगी 14 फीट ऊंची प्रतिमा

    लुकैयाटांड में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण भी समारोह का विशेष आकर्षण होगा।

    यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन, सामाजिक न्याय, जल-जंगल-जमीन की लड़ाई और जनसेवा के प्रति उनके आजीवन समर्पण की अमिट पहचान बनेगी।

    माना जा रहा है कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष, सादगी और समाज के प्रति समर्पण का संदेश देती रहेगी।

    कई लोग एक जननायक की जीवन यात्रा से होंगे रूबरू 

    जंगलों और पहाड़ियों के बीच बसे एक साधारण गांव से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने तक का उनका संघर्ष इन प्रदर्शनों में सजीव रूप से दिखाई देगा। यही कारण है कि आज भी उनके विचार और व्यक्तित्व लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।

    प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में, हर व्यवस्था पर विशेष नजर

    कार्यक्रम मे सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग,पेयजल, चिकित्सा,यातायात नियंत्रण,प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

    अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विकास मेले में करोड़ों की परिसंपत्तियों का वितरण नेमरा में श्रद्धांजलि सभा के साथ विकास मेले का भी आयोजन किया गया है।

    विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बीच करोड़ों रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। बड़ी संख्या में लाभार्थियों और समर्थकों को वाहनों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। यह आयोजन श्रद्धांजलि के साथ विकास और जनकल्याण का संदेश भी देगा।

    सामूहिक भोजन की तैयारी, खिचड़ी वितरण की चर्चा

    समारोह में शामिल होने वाले हजारों लोगों के लिए भोजन की व्यापक तैयारी की जा रही है। स्थानीय स्तर पर खिचड़ी वितरण की चर्चा भी है,हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। इसके बावजूद आयोजन समिति सभी आगंतुकों के स्वागत और सुविधा को लेकर पूरी तरह सक्रिय दिखाई दे रही है।

    श्रद्धा, स्मृति और संकल्प का बनेगा ऐतिहासिक दिवस

    दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जीवन संघर्ष,त्याग और जनसेवा की ऐसी मिसाल है,जिसने झारखंड की राजनीतिक और सामाजिक चेतना को नई दिशा दी।

    मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित जननायक की प्रथम पुण्यतिथि पर नेमरा आज केवल श्रद्धांजलि का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि उनके विचारों, संघर्षों और सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का भी साक्षी बनेगा।

    हजारों लोगों की उपस्थिति के बीच पूरा वातावरण भावनाओं, सम्मान और स्मृतियों से ओत-प्रोत रहेगा तथा झारखंड एक बार फिर अपने प्रिय जननायक को नम आंखों से श्रद्धासुमन अर्पित करेगा।

    यह भी पढ़ें- चतरा का डिस्ट्रिक्ट चौराहा बनेगा आकर्षण का केंद्र, दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा का होगा अनावरण