रामगढ़ में ₹54 लाख से बन रहे अस्पताल का छज्जा बनने के कुछ ही घंटे बाद ढहा, बाल-बाल बचे मजदूर
रामगढ़ के गिद्दी में 54 लाख रुपये की लागत से बन रहे उप स्वास्थ्य केंद्र का छज्जा ढलाई के कुछ घंटे बाद ही ढह गया, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठे। ...और पढ़ें

छज्जा बनने के कुछ ही घंटे बाद ढहा
HighLights
₹54 लाख के उप स्वास्थ्य केंद्र का छज्जा ढहा।
ढलाई के कुछ ही घंटे बाद हुआ हादसा।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल।
संवाद सूत्र, गिद्दी (रामगढ़)। गिद्दी ख पंचायत के डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप करीब 54 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र का छज्जा ढलाई के कुछ ही घंटे बाद ढह जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मंगलवार की देर शाम हुई इस घटना में छज्जा निर्माण के ढलाई कार्य में लगे मजदूर बाल-बाल बच गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने निर्माण कार्य में अनियमितता व घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया है।
मंगलवार को हुई थी छज्जे की ढलाई
ग्रामीणों के अनुसार, उप स्वास्थ्य केंद्र के छज्जे की ढलाई मंगलवार को ही की गई थी। देर शाम ढलाई पूरी होने के बाद अचानक छज्जे का लगभग आधा हिस्सा भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय मजदूर वहां से हट चुके थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों का आरोप है कि छज्जा निर्माण में ढलाई योग्य मोटे बालू के बजाय प्लास्टर में उपयोग होने वाले महीन बालू का इस्तेमाल किया जा रहा था। उनका कहना है कि यदि निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग किया गया होता तो नई ढलाई का छज्जा इतनी जल्दी नहीं गिरता।
खबरें और भी
गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी संवेदक और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों का कहना है कि छज्जे को सहारा देने के लिए लगाया गया बांस का सपोर्ट टूट जाने के कारण छज्जा गिर गया।
निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग
हालांकि भाजपा नेता राजू रंजन तिवारी ने इस दावे पर सवाल उठा रहे हैं और संबंधित उच्च पदाधिकारी से पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग कर रहे हैं।
इधर, गिद्दी ख पंचायत की मुखिया उषा देवी ने घटना की जानकारी डाड़ी प्रखंड विकास पदाधिकारी को मोबाइल पर दे दी है। भाजपा नेता राजू रंजन तिवारी व ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो संबंधित एजेंसी, संवेदक एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।