रांची में चाट-फुचका बेचने वाली महिला के साथ हुआ था सामूहिक दुष्कर्म, मोबाइल लोकेशन के आधार पर 3 हिरासत में
रांची के तुपुदाना में मिली महिला के शव मामले में पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई है। कॉल डंप के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछता ...और पढ़ें

मोबाइल लोकेशन के आधार पर 3 हिरासत में ( साकंतेकि तस्वीर )
HighLights
तुपुदाना में मिली महिला के शव पर सामूहिक दुष्कर्म की आशंका।
कॉल डंप के आधार पर तीन संदिग्ध हिरासत में लिए गए।
मृतका चाट-फुचका बेचती थी, निजी संबंधों पर विवाद।
जागरण संवाददाता,तुपुदाना। रांची के तुपुदाना क्षेत्र में बरामद महिला के शव मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा सामने आया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म होने की बात कही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने काल डंप के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय तीनों संदिग्धों के मोबाइल फोन का लोकेशन घटनास्थल के आसपास पाया गया है। इसी तकनीकी साक्ष्य के आधार पर उन्हें हिरासत में लिया गया है। हालांकि, हिरासत में लिए गए तीनों व्यक्ति लगातार घटना में शामिल होने से इंकार कर रहे हैं और पुलिस को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं।
चाट और फुचका की ठेला लगाकर जीवनयापन करती थी
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि मृतका अरगोड़ा क्षेत्र में चाट और फुचका की ठेला लगाकर जीवनयापन करती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला कई युवकों से बातचीत करती थी, जिससे उसके निजी संबंधों को लेकर पति के साथ अक्सर विवाद भी होता था।
पुलिस इस पहलू को भी जांच का हिस्सा मानकर आगे बढ़ रही है। महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच में यह पाया गया है कि वह कई युवकों से लगातार संपर्क में थी। इसी कारण पुलिस के सामने यह चुनौती है कि किन संपर्कों को संदिग्ध मानकर आगे की जांच की जाए और किस व्यक्ति की भूमिका घटना से जुड़ी हो सकती है।
खबरें और भी
तीनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है। काल डंप और लोकेशन डेटा के आधार पर तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के समय की गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से गहन पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पुलिस का कहना है कि फारेंसिक जांच के बाद ही मामले की स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।