यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lok Sabha Elections: सांसद के साथ विधायक भी टिकट के लिए लगा रहे जोर, मिलेगा मौका या कटेगा पत्ता; पढ़ें रिकॉर्ड
Lok Sabha Election 2024 लोकसभा चुनाव में विधायक जी भी दिल्ली जाने के लिए अपना भाग्य आजमाते रहे हैं। हालांकि विभिन्न दल अपने विधायकों को टिकट देने से प ...और पढ़ें

HighLights
- 2014 लोकसभा चुनाव में 13 विधायकों में दो को मिली थी जीत
- पिछले दो लोकसभा चुनावों में कुछ विधायकों को ही टिकट मिला
नीरज अम्बष्ठ, रांची। लोकसभा चुनाव में विधायक जी भी दिल्ली जाने के लिए अपना भाग्य आजमाते रहे हैं। हालांकि, विभिन्न दल अपने विधायकों को टिकट देने से परहेज करते हैं। गिने-चुने को ही पार्टी से टिकट मिल पाता है। इस बार भी भाजपा ने जहां हजारीबाग से निर्वाचित विधायक मनीष जायसवाल को हजारीबाग संसदीय सीट से टिकट दिया है।
वहीं, कांग्रेस-झामुमो से भी कुछ विधायक टिकट के रेस में हैं। राजद के इकलौते विधायक सह मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी चतरा में पसीना बहा रहे हैं। झामुमो विधायक चमरा लिंडा लोहरदगा से चुनाव लड़ना चाहते हैं।
पिछले दो चुनावों में कुछ विधायकों को टिकट मिला
पिछले दो चुनावों की बात करें तो कुछ विधायकों को ही आम चुनाव के लिए टिकट मिल पाया था। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में आधा दर्जन विधायकों ने चुनाव लड़ा था। इनमें दो को ही जीत मिल पाई थी। भाजपा ने अपने किसी विधायक को टिकट नहीं दिया था।
हालांकि, एनडीए गठबंधन के तहत ही एक सीट गिरिडीह आजसू को मिली थी, जिस पर तत्कालीन मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी (रामगढ़ से निर्वाचित विधायक) ने मंत्री पद से त्यागपत्र देकर चुनाव लड़ा था। उनकी जीत भी हुई थी। इस बार भी चंद्रप्रकाश एनडीए गठबंधन के तहत गिरिडीह से ही चुनाव लड़ेंगे। वहीं, कांग्रेस ने सिंहभूम से गीता कोड़ा (जगन्नाथपुर से निर्वाचित विधायक) को टिकट दिया था, जिन्हें जीत हासिल हुई थी।
इस बार गीता को इसी सीट पर भाजपा से टिकट मिला है। कांग्रेस से ही बरही के तत्कालीन विधायक मनोज कुमार यादव को चतरा से टिकट मिला था, जिनकी हार हुई थी। इसी तरह, पोड़याहाट विधायक प्रदीप यादव ने झाविमो के टिकट पर गोड्डा से, डुमरी विधायक जगरनाथ महतो ने झामुमो के टिकट पर गिरिडीह से तथा चम्पाई सोरेन ने झामुमो के टिकट पर जमशेदपुर से चुनाव लड़ा था। इन सभी को क्रमश: निशिकांत दूबे, चंद्रप्रकाश चौधरी तथा विद्युतवरण महतो से हार मिली थी।
खबरें और भी
2014 के चुनाव में 13 विधायकों में दो को मिली थी जीत
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में 13 तत्कालीन विधायकों ने चुनाव लड़ा था। इनमें भी महज दो को ही जीत मिल सकी थी। सिंहभूम सीट से लक्ष्मण गिलुवा तथा जमशेदपुर से विद्युतवरण महतो को जीत मिली थी। उस समय विद्युतवरण झामुमो छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
जिन विधायकों को असफलता मिली थी उनमें बंधु तिर्की, एनोस एक्का, हेमलाल मुर्मू, चंद्रशेखर दूबे उर्फ ददई दूबे, प्रदीप यादव, जगरनाथ महतो, समरेश सिंह, सुदेश महतो, सौरभ नारायण सिंह, गीता कोड़ा तथा चमरा लिंडा शामिल हैं। इनमें से चार विधायक दलबदल कर चुनाव लड़े थे।