यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Politics: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कोडरमा से किया नामांकन, संजय सेठ ने रांची से भरा पर्चा
लोकसभा चुनाव के पांचवें और छठे चरण के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के तहत गुरुवार को झारखंड में जमकर नामांकन दाखिल हुए। सात सीटों पर कुल 29 प्रत्याशिय ...और पढ़ें

HighLights
- दूसरे चरण की तीन सीटों चतरा, कोडरमा तथा हजारीबाग पर नामांकन का आज अंतिम दिन
- दूसरे चरण की सीटों पर अबतक 42 तथा तीसरे चरण की सीटों पर 26 नामांकन
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में लोकसभा चुनाव के दूसरे (देश के पांचवें) तथा तीसरे (देश के छठे) चरण की सीटों पर चल रही नामांकन प्रक्रिया के तहत गुरुवार को ताबड़तोड़ नामांकन हुए। सात सीटों पर कुल 29 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
इनमें 17 उम्मीदवारों ने दूसरे तथा 12 उम्मीदवारों ने तीसरे चरण की सीटों के लिए अपना-अपना पर्चा भरा। दूसरे चरण की तीन सीटों पर शुक्रवार को नामांकन खत्म हो जाएगा। यहां चार मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा छह मई तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा।
अन्नपूर्णा देवी ने दाखिल किया नामांकन
गुरुवार को कोडरमा में भाजपा की उम्मीदवार अन्नपूर्णा देवी ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक नीरा यादव, केदार हाजरा आदि उपस्थित थे।
उनके नामांकन के बाद कोडरमा के सर्कस मैदान में जनसभा आयोजित की गई, जिसमें अन्य नेताओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी सम्मिलित हुए।
अपने आराध्य स्वर्गीय रमेश प्रसाद यादव, इष्टदेव श्रीराधाकृष्ण और मां दुर्गा को नमन कर एक बार फिर आपकी सेवा के सफर पर निकल रही हूं।
— Annapurna Devi (मोदी का परिवार) (@Annapurna4BJP) May 2, 2024
आपके आशीर्वाद से मिली शक्ति का सदुपयोग कर कोडरमा को विकास पथ पर गतिशील किया है। प्रगति को गति देने का संकल्प है हमारा, एक बार फिर अपना स्नेह और… pic.twitter.com/vO9xjmG62g
संजय सेठ ने भी दाखिल किया नामांकन
गुरुवार को ही लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत रांची संसदीय सीट के लिए भाजपा उम्मीदवार संजय सेठ ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
इससे पहले उनके समर्थन में मोरहाबादी मैदान में जनसभा आयोजित की गई, जिसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, भाजपा विधायक दल के नेता अमर कुमार बाउरी, पूर्व मंत्री सीपी सिंह आदि सम्मिलित हुए।
खबरें और भी
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी, भाजपा परिवार और रांची के स्वजनों-परिजनों के आशीर्वाद से आज नामांकन पत्र दाखिल किया। आप सबने आज जो प्यार दिया, उसका ऋण कभी नहीं उतार सकता हूं। आप सबका आभार 🙏@pushkardhami#AbkiBaar400Paar #PhirEkBaarModiSarkar #Ranchi #Jharkhand pic.twitter.com/Mih1531hLZ
— Sanjay Seth (मोदी का परिवार) (@SethSanjayMP) May 2, 2024
किस सीट पर कितने उम्मीदवारों ने किया नामांकन
दूसरे चरण की सीटों पर चल रही नामांकन प्रक्रिया के तहत गुरुवार को चतरा में आठ, कोडरमा में चार तथा हजारीबाग में पांच अर्थात कुल 17 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इन तीनों सीटों पर अबतक कुल 42 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
इनमें चतरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 20, कोडरमा तथा हजारीबाग से 11-11 उम्मीदवार सम्मिलित हैं। इसी तरह, तीसरे चरण की चार सीटों पर गुरुवार को कुल 12 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
गिरिडीह में दो, धनबाद में तीन, रांची में चार तथा जमशेदपुर में तीन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इन सीटों पर अबतक कुल 26 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।
गिरिडीह लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से पांच, धनबाद से आठ, रांची से छह और जमशेदपुर से सात नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। यहां नामांकन की अंतिम तिथि छह मई निर्धारित है।
गांडेय में भाजपा उम्मीदवार दिलीप वर्मा ने दाखिल किया पर्चा
झारखंड विधानसभा की गांडेय सीट पर होनेवाले उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार दिलीप वर्मा ने गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे। गांडेय उपचुनाव के लिए अब तक सात उम्मीदवारों ने नामांकन का पर्चा भरा है।