यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Champai Soren Resign: 'दूध की मक्खी की तरह निकाल...' चंपई को CM की गद्दी से उतारने पर फूटा बाबूलाल का गुस्सा
Hemant Soren News हेमंत सोरेन जल्द ही झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। चंपई सोरेन ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। इसपर अब सियासत तेज हो गई है। ...और पढ़ें

HighLights
- चम्पाई सोरेन की जगह हेमंत के मुख्यमंत्री बनने पर भाजपा अध्यक्ष ने कसा तंज
- कहा- सत्ता पर अपना एकाधिकार मानता है सोरेन परिवार, चंपई को अपमानित किया
राज्य ब्यूरो, रांची। Champai Soren Resign : झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) ने झामुमो-कांग्रेस-राजद विधायक दल की बैठक में बुधवार को हेमंत सोरेन (Hemant Soren) को फिर नेता चुने जाने पर बड़ा निशाना साधा है।
मरांडी ने कहा कि झामुमो में शिबू सोरेन (Shibu Soren) परिवार से बाहर का आदिवासी केवल काम चलाऊ है। शिबू सोरेन परिवार जब जैसा चाहे उसका उपयोग करेगा और फिर उसे दूध की मक्खी की तरह निकाल फेंकेगा।
परिवार से बाहर का आदिवासी सिर्फ पालकी ढोने के लिए
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन परिवार से बाहर का आदिवासी महज पालकी ढोने के लिए है। परिवारवाद से ऊपर उठकर मुख्यमंत्री चुनने की बात करने वाले झामुमो का असली चेहरा उजागर हो गया।
हेमंत को फिर से नेता चुने जाने पर बाबूलाल ने कहा कि यह झामुमो के अन्य आदिवासी नेताओं के लिए सबक है। उन्हें अपनी सीमा रेखा समझ लेनी चाहिए।
चंपई सोरेन का बार-बार हुआ अपमान
उन्होंने आरोप लगाया कि चंपई सोरेन को पद पर रहते हुए बार-बार अपमानित किया गया। बैठक की अध्यक्षता करने के बावजूद उन्हें किनारे बिठाया गया। कोल्हान के टाइगर को चूहा बना दिया गया।
विधानसभा चुनाव के लिए अब भाजपा बदलेगी रणनीति
हेमंत सोरेन के झामुमो गठबंधन विधायक दल का नेता बनने के बाद अब भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति बदलेगी। हेमंत सोरेन के भ्रष्टाचार और झामुमो के परिवारवाद का मुद्दा अब प्रमुखता से उठाया जाएगा।
भाजपा नेताओं का कहना है कि जेल जाने के बाद हेमंत सोरेन के लिए जिस सहानुभूति की बात कही जा रही थी, अब वह शपथ के बाद सत्ता के लिए बेचैनी में बदल जाएगी।
यह भी पढ़ें: Hemant Soren : 'हेमंत बाबू फिर आ गए हैं', विधायक दल की बैठक में भावुक हुए चंपई सोरेन, भावी CM के लिए कही बड़ी बात