JPSC Protest: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की छात्रों से मुलाकात, कहा- भाजपा सदन और सड़क दोनों जगह देगी साथ
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन 12 दिनों से जारी है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने छात्रों से मुलाक ...और पढ़ें
HighLights
बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी आंदोलनकारी छात्रों से मिलकर समर्थन दिया।
मरांडी ने सरकार पर भ्रष्टाचार करने वालों को बचाने का आरोप लगाया।
छात्रों ने सरकार से सार्वजनिक रूप से बातचीत करने की शर्त रखी।
राज्य ब्यूरो, रांची। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों से बुधवार को भाजपा विधायकों ने मुलाकात की। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन पर बैठे छात्रों के बीच नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधायक पहुंचे और पूरे मामले की सीबीआइ जांच की मांग दुहराई।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी में जिस प्रकार गड़बड़ियां हुई हैं, उसपर छात्रों की सीबीआइ जांच की मांग जायज है। भाजपा छात्रों के मुद्दे पर उनके साथ सड़क से सदन तक खड़ी है। गुरुवार से प्रारंभ हो रहे विधानसभा के सत्र में इस मामले को जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।
मरांडी ने कहा कि यह पेपर लीक का मामला ही नहीं है, बल्कि यहां जेपीएससी और जेएसएससी द्वारा खुलेआम नौकरियां बेची गई हैं। जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती सहित तमाम परीक्षाओं में धांधली एवं अनियमितता सामने आई हैं।
उत्पाद सिपाही भर्ती में सवालों को तमाड़ में चुने हुए छात्रों को रटवाया गया था। जेएसएससी की परीक्षा के कट ऑफ मार्क्स जारी नहीं किए गए, परिणाम पार्ट-पार्ट में निकाला गया था।
उन्होंने कहा कि जब हाइकोर्ट की डांट पड़ी तो कट ऑफ मार्क्स जारी किए गए तो यह पाया गया कि जिन अभ्यर्थियों का चयन हुआ था उनसे कहीं अधिक मार्क्स वैसे बच्चे लाए थे, जिनका चयन ही नहीं हुआ था।
परीक्षा घोटालों पर कांग्रेस की चुप्पी सबसे बड़ा सवाल : आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू ने कहा कि छह वर्षों से झामुमो-कांग्रेस की सरकार ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। एक के बाद एक प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक के आरोप लगे, लेकिन सरकार ने कभी गंभीरता से कार्रवाई नहीं की।
खबरें और भी
आज मजबूर होकर हजारों छात्र राजधानी रांची में धरना एवं अनशन कर रहे हैं। साहू ने संसद भवन परिसर में छात्र-युवा आंदोलन के समर्थन में मीडिया से संवाद करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले में मौन है।
उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी और कांग्रेस वास्तव में छात्रों के हितैषी हैं, तो उन्हें झारखंड आकर आंदोलन कर रहे छात्रों से मिलना चाहिए और खुले मंच से सीबीआइ जांच की मांग करनी चाहिए। अगर कांग्रेस यह भी नहीं कर सकती, तो उसे नैतिकता के आधार पर झामुमो सरकार से तुरंत समर्थन वापस ले लेना चाहिए।