यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 18, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Maiya Samman Yojana: क्या बिहार में भी लागू होगी मंइयां सम्मान योजना? अधिकारियों ने शुरू कर दिया काम
झारखंड में हेमंत सरकार की मंइयां सम्मान योजना की सफलता से प्रभावित होकर बिहार सरकार भी चुनाव से पहले महिलाओं के लिए ऐसी ही योजना ला सकती है। झारखंड मे ...और पढ़ें

HighLights
- हेमंत सरकार की मंइयां सम्मान योजना का अनुसरण करेगा बिहार
- अगले वर्ष बिहार में होना है विधानसभा चुनाव
- मंइयां योजना के संबंध में जानकारी ले रहे अधिकारी
प्रदीप सिंह, रांची। Maiya Samman Yojana बैंक खातों में सीधे नकद राशि भेजने से भले ही सरकारी खजाने पर बोझ पड़ता है, लेकिन राजनीतिक दलों के लिए चुनाव में यह बंपर सफलता की कुंजी है। झारखंड में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ क्षेत्रीय दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गठबंधन को मिले अपार समर्थन की इसे एक बड़ी वजह माना जा रहा है।
अन्य प्रांतों में भी ऐसी योजनाओं ने मतदाताओं को लुभाया है। झारखंड विधानसभा चुनाव में तो इस योजना ने ऐसा कमाल दिखाया कि राज्य की आधी आबादी का पूरा समर्थन पाकर झामुमोनीत गठबंधन ने विधानसभा में दो तिहाई सीटों पर कब्जा जमा लिया। 81 विधानसभा सीटों में से झामुमो को 34, कांग्रेस को 16, राष्ट्रीय जनता दल को चार और भाकपा-माले के हिस्से में दो सीटें आई।
अगले साल बिहार में हैं चुनाव
बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। बताया जाता है कि इस मंइयां सम्मान योजना की शानदार सफलता ने बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड-भाजपा सरकार को काफी प्रभावित किया है। संभावना जताई जा रही है कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना की तर्ज पर बिहार सरकार भी चुनाव के पहले कुछ ऐसी ही योजना का ऐलान कर सकती है।
जानकारी के अनुसार, बिहार सरकार के कुछ अधिकारियों ने इस संबंध में राज्य सरकार के अधिकारियों से संपर्क किया है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने आरंभ में मंइयां सम्मान योजना के तहत मासिक एक हजार रुपये सीधे महिलाओं के बैंक खाते में डालने का निर्णय किया था। पहले योजना के दायरे में 21 वर्ष से 50 वर्ष तक की महिलाएं थीं। बाद में इसकी न्यूनतम उम्र सीमा घटाकर 18 वर्ष कर दी गई।
खबरें और भी
इसके तहत लगभग 54 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है। दिसंबर माह से सरकार महिलाओं के खाते में 2500 रुपये हर माह जमा कराएगी। विधानसभा चुनाव के दौरान इस योजना का ऐसा असर दिखा कि भाजपा ने सत्ता में आने पर गोगो दीदी योजना के तहत 2100 रुपये मासिक देने का ऐलान कर दिया। हालांकि, भाजपा को इसका लाभ नहीं मिला।
घोषणा में राजद निकला आगे
राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल बिहार में मुख्य विपक्षी दल है। झारखंड के चुनाव परिणाम से सबक लेते हुए राष्ट्रीय जनता दल ने बिहार में कुछ ऐसा ही ऐलान किया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सत्ता में आने के बाद 'माई-बहिन सम्मान योजना' के तहत महिलाओं के बैंक खाते में 2500 रुपये हर माह जमा कराने की घोषणा की है।