यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Politics: पांच लाख नौकरी और हर माह बेरोजगारी भत्ता... सारा चुनावी वादा फुस्स, हेमंत सरकार में केवल भ्रष्टाचार और घोटाला; भाजपा का जोरदार हमला
भाजपा ने झारखंड में हेमंत सरकार पर जोरदार हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष अमर बावरी ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया है ...और पढ़ें

HighLights
- भ्रष्टाचार व घोटालों की जांच की आंच से बच नहीं पाएंगे हेमंत सोरेन
- भाजपा कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष का किया गया सम्मान समारोह
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। नेता प्रतिपक्ष अमर बावरी ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया है। जबकि 28 दिसंबर को इस सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। इसे लेकर प्रदेश की जनता में आक्रोश है।
हेमंत सोरेन ने अपने चुनावी घोषणा पक्ष में पांच लाख नौकरी देने, सात हजार रुपये प्रति माह बेरोजगारी भत्ता देने, तीन लाख रुपये का आवास देने, अनुबंध कर्मियों को स्थायीकरण करने सहित 1932 के खतियान के आधार पर नियोजन नीति बनाकर बहाली करने आदि वादे पूरे नहीं किए गए।
पूरे प्रदेश में हेमंत सरकार के खिलाफ आक्रोश
इसे लेकर पूरे प्रदेश में हेमंत सरकार के खिलाफ आक्रोश है। 2024 के लोकसभा व विधानसभा चुनाव में जनता के आक्रोश का नेतृत्व भाजपा कर इस सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि झारखंड में जो भी बुनियादी विकास हुए हैं, वह भाजपा की देन है।
पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल में ही रोड, पुल-पुलिया का जाल बिछाया गया था। मौजूदा सरकार में सिर्फ भ्रष्टाचार और घोटाले हुए हैं। केंद्रीय एजेंसियां इसकी जांच कर रही है। जांच की आंच हेमंत सोरेन तक पहुंच चुकी है।
खबरें और भी
वे भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय जिला कार्यालय में रविवार को अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा सम्मान समारोह में बोल रहे थे। समारोह की अध्यक्षता अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामेश्वर राम व मोर्चा के जिला महामंत्री सतीश पासवान ने किया।
कई भाजपा नेता हुए शामिल
आरंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि कर हुआ। सबसे पहले भाजपा पलामू जिला अध्यक्ष विजय नंद पाठक के द्वारा अमर बावरी को सम्मानित किया गया।
बाद में मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामेश्वर राम, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभात कुमार भुइयां, ममता भुइयां, लवली गुप्ता, मीना गुप्ता, रेणु देवी, जितेंद्र तिवारी, अजीत सिंह एवं अन्य कई नेताओं द्वारा नेता प्रतिपक्ष को सम्मानित किया गया।
मौके पर मुख्य रूप से विधायक आलोक चौरसिया, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह, श्याम नारायण दुबे, विपिन बिहारी सिंह, नरेंद्र पांडे विनोद सिंह, रविंद्र सिंह, कर्नल संजय सिंह, निवर्तमान महापौर अरुणा शंकर, मंगल सिंह, अजय तिवारी, शिवधारी राम समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।