Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Jharkhand में मिशन 2024: 14 लोकसभा सीटों पर जीत के लिए BJP ने बनाई खास रणनीति; वसुंधरा समेत दिग्गज लगाएंगे जोर

    By Jagran NewsEdited By: Roma Ragini
    Updated: Sun, 28 May 2023 09:35 AM (IST)

    Jharkhand Politics झारखंड की 14 सीटों पर जीत हासिल करने के लिए भाजपा ने रणनीति तैयार कर ली है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को झारखंड म ...और पढ़ें

    Jharkhand में मिशन 2024, 14 लोकसभा सीटों पर जीत के लिए BJP ने बनाई खास रणनीति
    Jharkhand में मिशन 2024, 14 लोकसभा सीटों पर जीत के लिए BJP ने बनाई खास रणनीति

    HighLights

    1. राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को मिली गिरिडीह, दुमका, गोड्डा, कोडरमा की जिम्मेदारी
    2. पिछले विधानसभा चुनाव में मोदी लहर के बावजूद राजमहल और चाईबासा सीट हार गई थी भाजपा
    3. इसबार सभी 14 लोकसभा सीटों को जीतने का भाजपा का लक्ष्य

    प्रदीप सिंह, रांची। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में झारखंड की सभी 14 सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य लेकर भाजपा आगे बढ़ेगी। राज्य के लिए भाजपा आलाकमान ने खास योजना बनाई है। जिसके तहत भाजपा के कद्दावर नेताओं को रणनीति तैयार करने से लेकर किला फतह की जिम्मेदारी दी जाएगी।

    मिशन-2024 को लेकर भाजपा के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। झारखंड को भाजपा आलाकमान ने विभिन्न चार क्लस्टर में बांटा है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता इन क्लस्टर पर तैनात होकर मजबूत मोर्चाबंदी करेंगी।

    केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में प्रदेश के वरिष्ठ नेता उन्हें स्थानीय स्तर पर बतौर प्रभारी सहयोग करेंगे। क्लस्टर संख्या एक में दो लोकसभा सीटें राजमहल और सिंहभूम है।

    बता दें कि दोनों सीटें पिछले लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बावजूद भाजपा हार गई थी। राजमहल से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विजय हांसदा और सिंहभूम से कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा ने जीत हासिल की थी। केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे यहां कैंप करेंगे।

    वरिष्ठ भाजपा नेता मिस्त्री सोरेन को क्लस्टर एक के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्लस्टर संख्या दो में गिरिडीह, दुमका, गोड्डा और कोडरमा शामिल है। इन चारों सीटों पर राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मजबूत मोर्चाबंदी करेंगी। उनका साथ मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कमल पटेल देंगे।

    खबरें और भी

    क्लस्टर संख्या दो के प्रभारी भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद होंगे। क्लस्टर तीन में भी चार लोकसभा क्षेत्र चतरा, हजारीबाग, लोहरदगा और धनबाद शामिल है। यहां झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रभारी और राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र सिंह रैना कैंप करेंगे।

    क्लस्टर तीन के प्रभारी की जिम्मेदारी वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज सिंह को सौंपी गई है। चौथा क्लस्टर जमशेदपुर, खूंटी, रांची और पलामू लोकसभा क्षेत्र का बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री जान बार्ला इन सीटों पर पार्टी के लिए रणनीति तैयार करेंगे। उनके साथ भाजपा सांसद संगीता यादव भी रहेंगी। क्लस्टर संख्या चार के प्रभारी की जवाबदेही वरिष्ठ भाजपा नेता जवाहर पासवान और गणेश मिश्र की होगी।

    झारखंड में केंद्र की उपलब्धियों पर होगा फोकस

    भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह केंद्र की उपलब्धियों पर फोकस करेगी। विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं और जनसंपर्क कर लोगों को इससे अवगत कराया जाएगा। इसके लिए सामग्री आलाकमान उपलब्ध कराएगा।

    राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन दल पर पार्टी के नेता निशाना साधेंगे। कोशिश तगड़ी घेराबंदी की होगी। इसके अलावा बूथों की मजबूती पर खास ध्यान होगा। स्थानीय स्तर पर इसकी तैयारी आरंभ कर दी गई है। हाल ही में संपन्न प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में इस बाबत रणनीति तैयार की गई है।