सीयूजे में पीजी प्रवेश का तीसरा चरण शुरू, रांची में खाली सीटों पर मिलेगा दाखिला
सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (सीयूजे) ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में खाली सीटों के लिए प्रवेश का तीसरा चरण शुरू किया है। ...और पढ़ें

यह प्रवेश केवल उन्हीं पाठ्यक्रमों और श्रेणियों में होगा, जहां सीटें खाली हैं।
HighLights
सीयूजे में स्नातकोत्तर प्रवेश का तीसरा चरण हुआ शुरू।
खाली सीटों के लिए 24 से 31 अगस्त तक करें पंजीकरण।
8 सितंबर को होगा दस्तावेज़ सत्यापन और परामर्श।
जागरण संवाददाता, रांची। सेंट्रल यूनिवर्सिटी आफ झारखंड (सीयूजे) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में खाली सीटों पर प्रवेश के लिए तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। यह प्रवेश केवल उन्हीं पाठ्यक्रमों और श्रेणियों में होगा, जहां सीटें खाली हैं और कोई प्रतीक्षा सूची वाला अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं है।
सीयूजे के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी 24 से 31 अगस्त की रात 11:55 बजे तक आनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रवेश संबंधित पाठ्यक्रम के लिए निर्धारित योग्यता परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर दिया जाएगा।
सीयूजे की वेबसाइट पर 21 अगस्त को उपलब्ध खाली सीटों की जानकारी जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले अपने इच्छित पाठ्यक्रम की पात्रता और उपलब्ध सीटों की जानकारी अवश्य जांच लें।
आवेदन शुल्क, पंजीकरण सह परामर्श शुल्क की बात करें तो यूआर, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस के लिए 800 रुपये, एससी एसटी के लिए 400 रुपये और दिव्यांग और सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये तय किए गए हैं। यह शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।
ये है प्रवेश की प्रक्रिया
पंजीकरण करने वाले अभ्यर्थियों की सूची 3 सितंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद 8 सितंबर को आफलाइन दस्तावेज सत्यापन और परामर्श होगा। सीट आवंटित होने के बाद अभ्यर्थी 11 सितंबर से आनलाइन प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे।
शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से किया जा सकेगा। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के समय केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप में जारी वैध जाति/श्रेणी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि इस चरण में सुपरन्यूमेरेरी सीटों पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि वे संबंधित पाठ्यक्रम की सभी पात्रता शर्तों को पूरा करते हों और आवश्यक योग्यता परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हों।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई कि प्रवेश से जुड़ी नई जानकारी, खाली सीटों और अन्य आवश्यक निर्देशों के लिए सीयूजे की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें और तय समय-सीमा के भीतर अपना आवेदन पूरा करें।
