विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड के किसी भी जिले के विद्यार्थी विशेषज्ञों से पूछ सकेंगे सवाल, DSPMU ने शुरू की टेली करियर काउंसलिंग

Published: Sun, 25 Oct 2026 10:51 AM (IST)

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय ने 27 अक्टूबर 2026 से टेली करियर काउंसलिंग शुरू की है। वहीं डीएसपीएमयू में स्नातकोत्तर ...और पढ़ें

पहली काउंसलिंग में कुलपति डॉ. राजीव मनोहर देंगे जवाब।

पहली काउंसलिंग में कुलपति डॉ. राजीव मनोहर देंगे जवाब।

HighLights

  1. डीएसपीएमयू रांची ने टेली करियर काउंसलिंग शुरू की।

  2. झारखंड के सभी जिलों के छात्र लाभान्वित होंगे।

  3. कुलपति डॉ. राजीव मनोहर पहली काउंसलिंग करेंगे।

जागरण संवाददाता, रांची। अब विद्यार्थियों को करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और उच्च शिक्षा से जुड़े सवालों के जवाब के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची की ओर से 27 अक्टूबर 2026 से टेली करियर काउंसलिंग की शुरुआत की जा रही है।

इसके माध्यम से झारखंड के किसी भी जिले के विद्यार्थी फोन पर सीधे विश्वविद्यालय के शिक्षाविदों और विषय विशेषज्ञों से बातचीत कर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक एवं करियर मार्गदर्शन पहुंचाना है।

खास बात यह है कि इस सुविधा का लाभ केवल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी मिलेगा। विश्वविद्यालय का दावा है कि इस तरह की पहल करने वाला डीएसपीएमयू झारखंड का पहला विश्वविद्यालय होगा।

12वीं के बाद करियर से लेकर सरकारी नौकरी तक मिलेगी सलाह

टेली काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थी 12वीं के बाद करियर के विकल्प, इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी, राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट), कंप्यूटर के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं तथा कला, विज्ञान और मानविकी विषयों में करियर से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे।

इसके अलावा प्रबंधन प्रवेश परीक्षाओं, बैंकिंग, रेलवे और सेना में भर्ती की तैयारी, स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों तथा सरकारी और व्यावसायिक नौकरियों के संबंध में भी विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलेगा।

हर शनिवार दोपहर दो से तीन बजे तक होगी काउंसलिंग

विश्वविद्यालय की योजना के अनुसार, प्रत्येक शनिवार को दोपहर दो से तीन बजे तक टेली काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इस दौरान विद्यार्थी निर्धारित दूरभाष नंबर पर कॉल कर विशेषज्ञों से सीधे बातचीत कर सकेंगे। इस पहल से संताल परगना, पलामू, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, चाईबासा, जमशेदपुर, खूंटी, गिरिडीह और धनबाद सहित राज्य के सभी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है।

पहली काउंसलिंग में कुलपति करेंगे विद्यार्थियों से संवाद

पहली टेली काउंसलिंग 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को दोपहर दो से तीन बजे तक आयोजित होगी। इसमें कुलपति डॉ. राजीव मनोहर स्वयं विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देंगे। विद्यार्थी विश्वविद्यालय के शैक्षणिक पाठ्यक्रमों, अकादमिक गतिविधियों और उच्च शिक्षा से जुड़े सवाल भी सीधे उनसे पूछ सकेंगे।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क एवं सामुदायिक प्रसार विभाग की ओर से इस कार्यक्रम का संचालन किया जाएगा। निदेशक जनसंपर्क डॉ. राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस पहल के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर से बाहर के विद्यार्थियों तक भी शैक्षणिक मार्गदर्शन पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सही समय पर सही जानकारी देकर उनके भविष्य की राह आसान बनाना है।

पीजी और पीएचडी के लिए 27 अक्टूबर को जारी होगी पहली चयन सूची

डीएसपीएमयू, रांची में स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी में नामांकन के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर निर्धारित की गई है। ऐसे में अब तक आवेदन नहीं करने वाले इच्छुक विद्यार्थियों के पास रविवार तक का मौका है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 अक्टूबर को पीजी की पहली चयन सूची जारी करने की तैयारी की है।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने बताया कि पीजी के दो वर्षीय पारंपरिक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। पहली चयन सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से नामांकन शुल्क जमा करने के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया जाएगा।

सीटें खाली रहने पर आएगी दूसरी चयन सूची

कुलपति ने बताया कि पहली चयन सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद यदि सीटें खाली रहती हैं, तो दूसरी चयन सूची भी जारी की जाएगी। पीजी पाठ्यक्रमों में आवेदन, शैक्षणिक योग्यता, शुल्क और पाठ्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

विश्वविद्यालय प्रशासन पीजी और पीएचडी, दोनों पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने में जुटा है। कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने कहा कि विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र को नियमित करने की दिशा में काम कर रहा है।

इसी उद्देश्य से नामांकन प्रक्रिया को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पीएचडी में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि भी 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।