रांची: रास्ते में बदमाशों ने छीना मोबाइल तो बेटे ने लैपटॉप से किया ट्रैक, पीड़ित ने खुद बदमाश को दबोचा
रांची में जयपाल सिंह स्टेडियम के पास संजय दरगड़ का मोबाइल छीन लिया गया, जिसे उनके बेटे ने लैपटॉप पर ट्रैकर ऐप से ट्रैक किया। ...और पढ़ें

बेटे ने लैपटॉप से किया ट्रैक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
रांची में जयपाल सिंह स्टेडियम के पास मोबाइल छीना।
बेटे ने लैपटॉप पर ट्रैकर ऐप से लोकेशन ट्रैक की।
परिवार ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
जागरण संवाददाता, रांची। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जयपाल सिंह स्टेडियम के पास हुई मोबाइल छिनतई की घटना में पीड़ित परिवार ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए न केवल छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया, बल्कि एक आरोपित को भी पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
हालांकि उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। अब पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।
मोबाइल ट्रैकर ऐप से लोकेशन ट्रैक
जानकारी के अनुसार, संजय दरगड़ अपनी बाइक पर जयपाल सिंह स्टेडियम के पास बैठे थे। इसी दौरान एक युवक आया, उन्हें धक्का दिया और उनका मोबाइल छीनकर भाग निकला। अचानक हुई घटना के बाद संजय घर पहुंचे और परिजनों को पूरी जानकारी दी।
संजय के लैपटॉप पर मोबाइल ट्रैकर ऐप पहले से इंस्टॉल था। इसी तकनीक का इस्तेमाल करते हुए उनके बेटे राधेय दरगड़ ने मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की। लोकेशन प्लाजा चौक स्थित इंडियन आयल पेट्रोल पंप के पास मिली।
आरोपित के दो साथी मौके से फरार
लोकेशन मिलते ही परिवार के लोग तत्काल वहां पहुंचे। उन्होंने मोबाइल इस्तेमाल कर रहे एक युवक को पहचान लिया और साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपित के दो साथी मौके से भाग निकले।
आरोपित को पकड़ने के दौरान हल्की झड़प भी हुई, लेकिन परिजनों ने हिम्मत नहीं हारी और उसे मोबाइल सहित अपने कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित के भाई ने दर्ज कराई शिकायत
पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम मो. अफताब, पिता मो. जावेद और आर्किड अस्पताल के पास का निवासी बताया। सूचना मिलने पर लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित के साथ बरामद मोबाइल को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली थाना भेज दिया, क्योंकि घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई थी।
खबरें और भी
पीड़ित संजय दरगड़ की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उनकी जगह उनके भाई अजय दरगड़ ने कोतवाली थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस पकड़े गए आरोपित से पूछताछ कर उसके फरार साथियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
इस घटना में तकनीक के सही इस्तेमाल और परिवार की त्वरित सूझबूझ से न केवल मोबाइल बरामद हो गया, बल्कि एक आरोपित भी कानून के शिकंजे तक पहुंच गया।
यह भी पढ़ें- रांची में शादी का दबाव बना रहे 35 वर्षीय युवक ने नाबालिग को किया अगवा, परिजनों को दी जान से मारने की धमकी