वीडियो में CM हेमंत को घर में घुसकर जान से मारने की धमकी का आरोप, रांची में FIR दर्ज
रांची के कोतवाली थाना में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित तौर पर जान से मारने और घर उजाड़ने की धमकी देने वाले वायरल वीडियो को लेकर प्राथमिकी दर्ज हुई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को धमकी देने वाले वीडियो पर रांची में केस दर्ज
HighLights
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जान से मारने की धमकी का वीडियो वायरल।
रांची के कोतवाली थाना में वीडियो को लेकर प्राथमिकी दर्ज।
विश्व हिंदू परिषद सदस्य विश्वजीत समंदर पर आरोप, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची के कोतवाली थाना में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित तौर पर जान से मारने और घर उजाड़ने की धमकी देने वाले वायरल वीडियो को लेकर प्राथमिकी दर्ज हुई है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के बुद्ध विहार निवासी सुजीत कुमार कुजूर के बयान पर केस हुआ है।
उन्होंने खुद को आदिवासी समुदाय का बताते हुए मामले में आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के संबंध में सोशल मीडिया के खबर अड्डा नामक फेसबुक पेज पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में एक व्यक्ति मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के घर में घुसकर उन्हें जान से मारने और घर उजाड़ने की बात कह रहा है। वीडियो में मुख्यमंत्री के खिलाफ लोगों को कथित तौर पर उकसाने के साथ आपत्तिजनक और आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वीडियो को लेकर लोगों के बीच चर्चा भी हो रही है। सुजीत कुमार कुजूर ने आवेदन में कहा है कि इस तरह के वीडियो से भविष्य में मुख्यमंत्री के साथ कोई बड़ी अप्रिय घटना होने की आशंका पैदा हो सकती है। साथ ही संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ लोगों में आक्रोश और हिंसा के लिए उकसावे की स्थिति बन सकती है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वायरल वीडियो के संबंध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों से जानकारी ली गई। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की तस्वीर दिखाने पर छात्रों ने उसकी पहचान विश्वजीत समंदर के रूप में की।
आवेदन में विश्वजीत समंदर को विश्व हिंदू परिषद का सदस्य बताया गया है। उसका पता 10/6 सिक्स यूनिट, बोकारो थर्मल, पोस्ट गोविंदपुर, बोकारो थर्मल, नवाडीह, बोकारो बताया गया है। शिकायतकर्ता ने उसका मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
सुजीत कुमार कुजूर ने बताया कि उन्होंने वायरल वीडियो को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड कर सुरक्षित रखा है। वीडियो को पेन ड्राइव में भी सुरक्षित रखा गया है, ताकि जांच के दौरान पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध कराया जा सके। आवेदन में फेसबुक पर वायरल वीडियो का लिंक भी पुलिस को दिया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि लोक सेवक और संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्री के विरुद्ध क्षति पहुंचाने की धमकी देना, लोगों को उकसाना और आपराधिक घटना के लिए प्रेरित करना गंभीर अपराध है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आदिवासी समुदाय से आते हैं और एक विशेष वर्ग के संगठन से जुड़े व्यक्ति द्वारा उनके खिलाफ इस तरह की कथित टिप्पणी से उनकी छवि धूमिल करने तथा समुदायों के बीच शत्रुता की भावना पैदा करने का प्रयास किया गया है।

