रांची में केले के पैसे लौटाने को लेकर हुआ विवाद, फल दुकानदार पर लाठी-डंडों से हमला
केले के पैसे लौटाने को लेकर हुए विवाद में रांची के तिलता चौक पर एक फल दुकानदार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ...और पढ़ें
-1784769910303_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
रांची में केले के पैसे लौटाने पर फल दुकानदार पर हमला।
तिलता चौक पर लाठी-डंडों से पीटा, दुकानदार गंभीर घायल।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, रांची। रातू थाना क्षेत्र के तिलता चौक पर केले के पैसे लौटाने को लेकर हुए विवाद में फल दुकानदार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर रातू थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, कुछ दिन पहले कुछ युवकों ने उसकी दुकान से दो ट्रे केले खरीदे थे।
मंगलवार को वे दोबारा दुकान पर पहुंचे और आरोप लगाने लगे कि बेचे गए केले खराब थे। इसके बाद उन्होंने खरीदे गए केले के पैसे वापस करने की मांग की।
दुकानदार का आरोप है कि जब उसने पैसे लौटाने से इनकार करते हुए अपनी बात समझाने की कोशिश की तो आरोपित गाली-गलौज करने लगे।
कुछ ही देर में वे अपने अन्य साथियों को बुलाकर पहुंचे और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पीड़ित ने रातू थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकार्ड हो गई है। फुटेज में कुछ लोग दुकानदार के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपितों की पहचान शुरू कर दी है।
रातू थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।