विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में गेल का खेल जारी! शिवाजी नगर में काम अधूरा, घरों के बाहर गड्ढे; लोग परेशान

Published: Thu, 24 Sep 2026 10:12 AM (IST)

रांची के हरमू स्थित शिवाजी नगर में गेल की गैस पाइपलाइन बिछाने का काम चार महीने से अधूरा पड़ा है, ...और पढ़ें

गैस पाइपलाइन का काम अधूरा होने से लोग परेशान। जागरण

गैस पाइपलाइन का काम अधूरा होने से लोग परेशान। जागरण

HighLights

  1. चार महीने से गेल गैस पाइपलाइन का काम अधूरा।

  2. सड़कें और नालियां तोड़कर छोड़ीं, गड्ढे बने हुए।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची के हरमू स्थित शिवाजी नगर में गेल की गैस पाइपलाइन योजना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। करीब चार महीने पहले शुरू हुआ पाइपलाइन बिछाने का काम अबतक पूरा नहीं हो पाया है। मुख्य मार्गों पर पाइपलाइन बिछाने के बाद सहायक गलियों में काम अधूरा छोड़ दिया गया है। कई घरों के बाहर और अंदर कनेक्शन के नाम पर गड्ढे खोद दिए गए हैं।

इन गड्ढों को अबतक नहीं भरा गया है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं शिवाजी नगर के निवासियों का आरोप है कि गेल के ठेकेदार और संबंधित कंपनी की ओर से पाइपलाइन का काम पूरा किए बिना ही भुगतान निकालने के उद्देश्य से सड़क पर खोदी गई जगहों पर पीसीसी किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। हंगामा होने पर ठेकेदार अधूरा पीसीसी निर्माण छोड़कर वहां से चला गया। लोगों का कहना है कि जबतक पाइपलाइन और कनेक्शन का काम पूरा नहीं होता, तबतक सड़क पर पीसीसी का काम नहीं होने दिया जाएगा।

कई घरों में कनेक्शन अबतक नहीं

स्थानीय निवासियों के अनुसार, पूरे मोहल्ले में करीब 60 से 65 घर हैं। मुख्य सड़कों पर गैस पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन कई सहायक गलियों में काम अधूरा है। कुछ घरों में कनेक्शन का काम किया गया, जबकि अन्य घरों में काम बीच में छोड़ दिया गया।

लोगों ने बताया कि गैस कनेक्शन के नाम पर कई लोगों से 500 रुपये, तो कुछ से 1000 रुपये लिए गए हैं। इसके बावजूद अबतक गैस कनेक्शन नहीं मिल पाया है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

सड़क और नालियां तोड़कर छोड़ीं

गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई स्थानों पर सड़क के साथ नालियों को भी तोड़ा गया है। निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से सड़क पर गड्ढे और अव्यवस्था बनी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात में आवागमन के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने मांग की है कि गेल और संबंधित ठेकेदार पहले पाइपलाइन, कनेक्शन, सड़क और नालियों का काम पूरा करें। इसके बाद ही पीसीसी निर्माण कराया जाए।

चार साल पहले बिछी पानी की पाइपलाइन, अबतक नहीं आया पानी

शिवाजी नगर के निवासियों ने गैस पाइपलाइन के साथ पानी की समस्या भी उठाई। लोगों के अनुसार, करीब चार साल पहले पानी की पाइपलाइन बिछाई गई थी। लेकिन अबतक घरों की टोटियों में पानी नहीं पहुंचा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हरमू क्षेत्र को ड्राई जोन घोषित किया गया है। गर्मी के अलावा पूरे साल पानी की समस्या बनी रहती है। इसके बावजूद पाइपलाइन बिछाने के बाद जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है।

सांसद और मेयर से शिकायत की तैयारी

स्थानीय लोगों ने बताया कि वे इस मामले को लेकर सांसद सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची की मेयर रौशनी खलखों से मुलाकात कर शिकायत करेंगे। लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग और कंपनी मौके पर निरीक्षण कर अधूरे काम को जल्द पूरा कराएं। साथ ही, कनेक्शन के नाम पर लिए गए शुल्क और काम की गुणवत्ता की भी जांच हो।

स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया

गेल की ओर से पाइपलाइन का काम पूरा किए बिना सड़क निर्माण कराया जा रहा है। पहले पूरा काम होना चाहिए, उसके बाद ही पीसीसी निर्माण कराया जाए।

-उपेंद्र कुमार गुप्ता

कई जगहों पर सड़क और घरों के पास गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। इससे लोगों को रोजाना परेशानी होती है। कंपनी को अधूरा काम पूरा करना चाहिए।

-अनूप कुमार

मोहल्ले की सहायक गलियों में अबतक गैस पाइपलाइन का काम पूरा नहीं हुआ है। आधे-अधूरे काम के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

-विनोद कुमार

गैस कनेक्शन के नाम पर लोगों से पैसे लिए गए हैं, लेकिन कई घरों में अबतक कनेक्शन नहीं मिला। संबंधित कंपनी को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

-अभिषेक सिंह

सड़क के साथ कई स्थानों पर नालियां तोड़ दी गई हैं। निर्माण कार्य अधूरा होने से आवागमन में परेशानी हो रही है।

-राजमंगल सिंह

जबतक गैस पाइपलाइन और कनेक्शन का काम पूरा नहीं होगा, तबतक पीसीसी निर्माण नहीं कराया जाना चाहिए। अधूरी सड़क को लेकर लोग परेशान हैं।

-अमित गुप्ता

चार साल पहले पानी की पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन अबतक घरों में पानी नहीं आया। हरमू में जलापूर्ति की समस्या का समाधान जरूरी है।

-अशोक अग्रवाल

मोहल्ले की समस्याओं को लेकर सांसद और मेयर से शिकायत की जाएगी। लोगों की मांग है कि गेल अधूरे काम को जल्द पूरा करे और सड़क-नाली की व्यवस्था दुरुस्त करे।

-बाबूलाल सिंह 

यह भी पढ़ें- रांची: HEC में अब हर बड़े खर्चे पर होगी नजर, वित्तीय निगरानी के लिए इंटरनल ऑडिटर की नियुक्ति; शुरू हुई प्रक्रिया