गढ़वा में SIR पर उठे सवाल, एक ही मकान नंबर पर दर्ज मिले सैकड़ों मतदाताओं के नाम
गढ़वा विधानसभा क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं, जहां सैकड़ों मतदाताओं के नाम एक ही घर संख्या पर दर्ज हैं। ...और पढ़ें

राजकीय प्राथमिक विद्यालय बायें गढ़वा। (जागरण)
HighLights
गढ़वा मतदाता सूची में गंभीर अनियमितताएं, पारदर्शिता पर सवाल।
एक ही घर संख्या पर सैकड़ों मतदाताओं के नाम दर्ज मिले।
ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की।
अंजनी कुमार उपाध्याय, गढ़वा। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत प्रकाशित 80 - गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 282 की प्रारूप मतदाता सूची में ऐसी गंभीर गड़बड़ी सामने आई है, जिसने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और सत्यापन व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
पांच अगस्त को निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी द्वारा प्रकाशित मतदाता सूची में एक ही गृह संख्या पर सैकड़ों मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।
इतना ही नहीं, कई मतदाताओं का गृह संख्या '00', '1', '/1' और '1/1' अंकित किया गया है, जिससे पूरे सत्यापन अभियान की विश्वसनीयता संदेह के घेरे में आ गई है।
954 मतदाताओं की सूची में चौंकाने वाली विसंगतियां
भाग संख्या 282 (राजकीय प्राथमिक विद्यालय बायें) की मतदाता सूची में कुल 954 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 507 पुरुष और 447 महिला मतदाता शामिल हैं।
सूची के अनुसार दो मतदाताओं का गृह संख्या '0' अंकित है, यानी अभिलेखों में उनका कोई घर ही नहीं दर्शाया गया है। वहीं, मतदाता क्रमांक 3 से 83 तक सभी मतदाताओं का गृह संख्या '1' दर्ज किया गया है।
एक ही पते पर अलग-अलग जाति और समुदाय के परिवार
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि गृह संख्या '1' पर जग नारायण मोची, खुर्शीद आलम खान, विनय तिवारी, धनंजय साहू समेत अनुसूचित जाति, सामान्य, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के अनेक परिवारों को एक ही मकान का निवासी दिखाया गया है।
आगे की सूची में भी क्रमांक 368 से 430 तक बड़ी संख्या में मतदाताओं का गृह संख्या '01' अथवा '/1' अंकित है। पूरी सूची में करीब 500 से अधिक मतदाताओं का पता केवल गृह संख्या '1', '01' अथवा '/1' दर्ज होने से बड़े फर्जीवाड़े अथवा गंभीर प्रशासनिक लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
अन्य गृह संख्याओं में भी मिलीं कई अनियमितताएं
मतदाता सूची में गृह संख्या '/1' पर नसीम बीबी, रामसखी देवी (पति रजनीकांत तिवारी), चंद्रिका देवी (पति मथुरा प्रसाद), रामाकांत तिवारी, मोहम्मद वजैर खान, जदू मोची तथा ललू साहू का नाम दर्ज है।
खबरें और भी
वहीं, गृह संख्या '1/1' पर मोहम्मद मुशर्रफ खान और संगीता देवी (पति जितेंद्र राम) को भी एक ही पते का निवासी दर्शाया गया है। इसी प्रकार गृह संख्या '03' में सागर मोची और सत्येंद्र तिवारी, गृह संख्या '04' में पिंटू मोची एवं सफरोज शाह तथा गृह संख्या '11' में विदेश राम, ललन साह, नीरज तिवारी और अजूबा खातून का निवास अंकित किया गया है।
सत्यापन प्रक्रिया पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घर-घर जाकर सत्यापन किया गया था तो इतनी बड़ी त्रुटियां कैसे रह गईं। ग्रामीणों का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण में लगे बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर तथा संबंधित अधिकारियों ने बिना वास्तविक सत्यापन के सूची तैयार कर दी, जिसके कारण अलग-अलग जाति और समुदायों के सैकड़ों परिवारों को एक ही मकान में रहने वाला दर्शा दिया गया।
उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग
गड़बड़ी सामने आने के बाद ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त गढ़वा से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने की मांग की है।
मतदाता सूची में सामने आई इस गंभीर विसंगति ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की कार्यप्रणाली और चुनाव आयोग के सत्यापन दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- झारखंड SIR: मतदाता सूची पुनरीक्षण में बड़ा खुलासा, 43.68 लाख एन्यूमरेशन फार्म पेंडिंग; 7.64 लाख मृत वोटर शामिल
प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशन में कई मतदाताओं के मकान नंबर एक होने की सूचना मिली है। इस गलती को सुधार कर दिया जाएगा। एक माह तक सभी प्रकार के दावा आपत्ति का समय दिया गया है। लोग इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के आलोक में सुधार की कार्रवाई होगी। विभिन्न गांवों में शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
कुमुद झा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, गढ़वा।