विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 10, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

झारखंड में निकलने वाली है बंपर सरकारी नौकरी! 30 हजार पदों पर जल्द होगी नियुक्ति; CM हेमंत सोरेन ने दिया आदेश

Published: Wed, 10 Jul 2024 08:04 AM (IST)

झारखंड में जल्द ही बंपर सरकारी नौकरी निकलने वाली है। एक बार फिर से राज्य की कमान संभालने के बाद ...और पढ़ें

सीएम हेमंत सोरेन ने 30 हजार पदों पर जल्द नियुक्ति करने का दिया आदेश
सीएम हेमंत सोरेन ने 30 हजार पदों पर जल्द नियुक्ति करने का दिया आदेश

HighLights

  1. राज्य सरकार के सरकारी विभागों में 30 हजार रिक्त पदों पर नियुक्ति करने का लक्ष्य
  2. पांच हजार पुलिस तथा 583 उत्पाद सिपाही नियुक्ति प्रक्रियाओं में भी तेजी लाने के निर्देश
  3. मुख्यमंत्री ने कांटाटोली तथा सिरमटोली फ्लाईओवर निर्माण शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश
  4. कहा, स्मार्ट सिटी में ताज होटल और अपोलो अस्पताल का निर्माण सरकार की प्राथमिकता

राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को प्राेजेक्ट भवन में राज्य में चल रही नियुक्ति प्रक्रिया एवं फ्लाई ओवरों के निर्माण की समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने नियुक्ति प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष को दिए।

30 हजार रिक्त पदों पर नियुक्ति का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सितंबर माह के अंत तक राज्य सरकार के विभिन्न सरकारी विभागों में लगभग 30 हजार रिक्त पदों पर नियुक्ति किए जाने का लक्ष्य है। इन नियुक्तियों को हर हाल में पूरा करने की दिशा में हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।

पुलिस व उत्पाद सिपाहियों की नियुक्ति में तेजी लाने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने बैठक में पांच हजार पुलिस तथा 583 उत्पाद सिपाही नियुक्ति प्रक्रियाओं में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 583 उत्पाद सिपाही की दौड़ प्रक्रिया जुलाई माह के अंत तक और पांच हजार पुलिस बहाली की दौड़ प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।

पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार के निर्देश

मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को रांची, जमशेदपुर तथा धनबाद शहर में पुलिसिंग व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा आधुनिक उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि फील्ड लेवल पुलिस पदाधिकारी अपने क्षेत्र में जनता दरबार का आयोजन अवश्य करें। पुलिस अधिकारी जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं को सुने तथा समस्याओं का निदान भी करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्बन तथा रूरल क्षेत्रों में पुलिस अपनी सक्रियता बढ़ाए, जिससे अपराधियों के मन में भय उत्पन्न हो।

निर्माणाधीन फ्लाइओवर के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने रांची में निर्माणाधीन कांटाटोली फ्लाईओवर और सिरमटोली से मेकान चौक तक बनने वाले फ्लाईओवर निर्माण कार्य के अद्यतन कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण में तेजी लाने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में अगर कोई बाधा पहुंच रही है, तो उसका जल्द समाधान निकालकर कार्य प्रगति में तेजी लाएं।

प्रक्रियाधीन नियुक्तियों को जल्द पूरा करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसी सभी नियुक्तियां जो प्रक्रियाधीन हैं, उन नियुक्ति प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा, सरकारी कार्यालयों में मानव संसाधन का अभाव होने से विभागीय कार्यक्षमता के साथ-साथ सरकार द्वारा जनहित में संचालित योजनाओं-परियोजनाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

ताज होटल और अपोलो अस्पताल का निर्माण सरकार की प्राथमिकता

नगर विकास विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्मार्ट सिटी रांची में ताज होटल तथा अपोलो अस्पताल का निर्माण किया जाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी में ताज होटल निर्माण हेतु नगर विकास विभाग के अधिकारी ताज होटल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्य योजना तैयार करें तथा अपोलो अस्पताल स्थापित किए जाने निमित्त सभी जरूरी प्रक्रिया जल्द पूरा करें।

यह भी पढ़ें: Jharkhand News: खनन विस्थापितों का डाटा तैयार कराएगी हेमंत सरकार, विस्थापन आयोग को कैबिनेट से मिली मंजूरी

हेमंत सोरेन की कैबिनेट में इन कद्दावर मंत्रियों का बढ़ा कद, इरफान अंसारी की भी बल्ले-बल्ले

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।