विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

झारखंड के चुनावी समर में बिगड़ रहे नेताओं के बोल, सभाओं में गूंज रहे गिद्ध, गद्दार, बाबर से लेकर बंटी-बबली जैसे उपनाम

Published: Sun, 27 Oct 2024 09:30 PM (IST)

Jharkhand Vidhan Sabha Election 2024 झारखंड विधानसभा चुनाव में नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक-दूसरे पर ...और पढ़ें

झारखंड विधानसभा चुनाव में रोज गढ़े जा रहे नए-नए शब्द।
झारखंड विधानसभा चुनाव में रोज गढ़े जा रहे नए-नए शब्द।

HighLights

  1. तीखे शब्दों से विरोधियों पर प्रहार कर रहे राजनेता
  2. कुछ गुदगुदाने वाले तंज तो कुछ में मर्यादा हो रही तार-तार
  3. लात मारकर भगाने, डंडा मारने से लेकर आंख फोड़ने तक की हो रही बातें

मृत्युंजय पाठक, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव में नेता एक-दूसरे पर तीखे शब्दों से प्रहार कर रहे हैं। चुनावी आसमान में गिद्ध, चील-कौवे, बंटी-बबली, जेल रिटर्न, चोर, गद्दार और बाबर से लेकर रिजेक्टेड माल जैसे शब्द गूंज रहे हैं। डंडा से मारो, आंख फोड़ दो, लात से मारेंगे, एक-दूजे के लिए, व्यापारी, जोकर.. ये सब झारखंड की चुनावी शब्दावली के नए शब्द हैं। इनका खूब प्रयोग हो रहा है।

इन्हीं शब्दों को हथियार बनाकर चुनाव प्रचार के दौरान सत्ताधारी झामुमो गठबंधन और प्रतिपक्ष भाजपा गठबंधन के नेता एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।

झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सह प्रभारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत राज्य में प्रचार के लिए आने वाले भाजपा नेताओं को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी चुनावी सभाओं में गिद्ध और व्यापारी करार देते हैं। कहते हैं-चुनाव आते ही झारखंड के आसमान में गिद्ध मंडराने लगे हैं।

इसी तरह कुछ नेताओं के लिए वह बिना नाम लिए गद्दार शब्द का भी प्रयोग करते हैं। भाजपा पर शब्दों के बाण चलाने में हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन भी पीछे नहीं हैं। गिद्ध कहे जाने पर जवाब देते हुए शिवराज कहते हैं-हेमंत सरकार के लोग झारखंड को चील और कौवे की तरह नोच-नोच कर खा रहे हैं।

वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा सवाल करते हैं-हेमंत बताएं कि झारखंड कांग्रेस के प्रभारी कश्मीर निवासी गुलाम अहमद मीर क्या हैं? कांग्रेस नेता राहुल गांधी क्या हैं? ये भी झारखंड से बाहर के नेता हैं तो क्या ये भी गिद्ध हैं?

हिमंत बिस्वा सरमा राज्य में घपले-घोटाले को लेकर हेमंत और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन को बंटी-बबली कहकर तंज कसते हैं। इसके जवाब में हेमंत भी कह चुके हैं कि बंटी-बबली सुपरहिट फिल्म थी और इस चुनाव में भी जनता हमें जिताकर इसे फिर सुपरहिट करेगी। हिमंत घुसपैठियों को बाबर कहते हुए राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर लात से मारकर भगाने की बात करते हैं।

चम्पाई कहते हैं-घुसपैठिये आदिवासी बहन-बेटियों की तरफ देखते हैं तो उनकी आंख फोड़ दो। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत को जेल रिटर्न कहकर संबोधित करते हैं। इसी तरह झारखंड के मंत्री रामदास सोरेन भाजपा नेताओं को डंडा से मारने की अपील करते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी तो हर सभा में घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री को चोर कहते हैं। बयानों को लेकर हमेशा विवादों में रहने वाले राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी ने जामताड़ा से भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन को रिजेक्टेड माल कहा है। वह चम्पाई को जोकर भी कह चुके हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।