विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पहली बार झारखंड और बिहार के लिए शुरू हो रही हेलीकॉप्टर सेवा, जानिए किराया और सुविधाएं

Published: Wed, 02 Apr 2025 08:25 PM (IST)

झारखंड में निजी हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत जल्द ही होने जा रही है जिसका संचालन राज्य के युवा उद्यमियों द्वारा ...और पढ़ें

पहली बार झारखंड और बिहार के लिए शुरू हो रही हेलीकॉप्टर सेवा (प्रतीकात्मक तस्वीर)
पहली बार झारखंड और बिहार के लिए शुरू हो रही हेलीकॉप्टर सेवा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. दस उड़नखटोले का बेड़ा है तैयार, दोनों राज्यों के हर स्थान के लिए सर्विस
  2. चार सीटर से 12 सीटर तक के हेलीकॉप्टर हैं उपलब्ध

प्रदीप सिंह, रांची। महानगरों की तर्ज पर अब झारखंड में भी निजी हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत होगी। खास बात यह है कि इसका संचालन भी राज्य के युवा और उत्साही उद्यमी करेंगे। इसका दायरा झारखंड समेत पड़ोसी बिहार होगा। इन दोनों राज्यों के किसी भी स्थान के लिए सीधे रांची से हेलीकॉप्टर बुक किया जा सकेगा।

हेलीकॉप्टर के लिए प्रति घंटे की दर भी न्यूनतम निर्धारित होगी, ताकि महानगरों की हेलीकॉप्टर सर्विस के मुकाबले राज्य के निजी क्षेत्र में उड्डयन व्यवसाय को विकसित किया जा सके। सेवा का संचालन अप्रैल माह से ही आरंभ हो जाएगा।

आरंभिक तौर पर शादी समारोहों, पार्टियों के आयोजन समेत आपात सेवाओं के लिए हेलीकॉप्टर की तत्काल उपलब्धता हो पाएगी। इसके अलावा, एयर एंबुलेंस और विशेष आयोजनों के लिए भी हेलीकॉप्टर किराये पर लिया जा सकेगा।

कंपनी के पास 10 हेलीकॉप्टर उपलब्ध

इस सेवा की शुरुआत करने वाले युवराज ग्रुप एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के पास 10 हेलीकॉप्टर का बेड़ा उपलब्ध है। इसमें चार सीटों से लेकर 12 सीटों वाला हेलीकॉप्टर शामिल है। आने वाले दिनों में सेवा का अधिकाधिक विस्तार करने की योजना है।

उल्लेखनीय है कि आजकल विशेष समारोहों के आयोजनों के लिए निजी हेलीकॉप्टर के उपयोग का प्रचलन बढ़ा है। अभी तक इस सेवा के लिए राज्य के बाहर के एजेंसियों की मदद लेनी पड़ती थी। इसके अलावा राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए भी हेलीकॉप्टर किराये पर लिए जाते हैं। खासकर चुनाव के मौके पर इसका खूब इस्तेमाल होता है।

राज्य में उचित दर पर इसकी उपलब्धता से सामान्य दिनों में भी राजनीतिक कार्यक्रमों में इसका उपयोग राजनीतिक दल कर सकते हैं।

फिलहाल, हेलीकॉप्टर के लिए एक से डेढ़ लाख रुपये प्रति घंटे की उड़ान दर निर्धारित होगी। इसमें उपलब्धता के आधार पर दर उपर-नीचे हो सकता है। इसके अलावा जीएसटी 18 प्रतिशत देय होगा। स्थानीय प्रशासन से लैंडिंग के लिए अनुमति समेत अन्य आवश्यक निर्धारित दर भी बुक कराने वाली पार्टी को देना पड़ेगा।

हेलीकॉप्टर के साथ युवराज ग्रुप एंड कंपनी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव कुमार।

फिलहाल ये हेलीकॉप्टर होंगे उपलब्ध

राबिंसन, बेल-206 एवं बेल 407।

झारखंड एवं बिहार में गहन सर्वेक्षण के बाद हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन आरंभ करने का निर्णय किया गया है। अलग-अलग आयोजनों के लिए उपभोक्ताओं की जरूरत के हिसाब के इसे उपलब्ध कराया जाएगा। भविष्य में इसका और विस्तार करने की योजना है। दोनों राज्यों में निजी उड्डयन सेवा का विस्तार होने से आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। - राजीव कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, युवराज ग्रुप एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड

ये भी पढ़ें- Ranchi Ring Road: रोशनी से जगमग होगा रांची रिंग रोड, नहीं लगेंगे स्पीड ब्रेकर; सुगम होगा यातायात

ये भी पढ़ें- Railway News: रांची से दिल्ली तक मिल जाएगा कन्फर्म टिकट! रेलवे ने यात्रियों के लिए कर दी स्पेशल व्यवस्था

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।