विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Hemant Cabinet: बन गई हेमंत सोरेन की नई 'टीम', 5 नए चेहरों पर भी जताया भरोसा; टोटल 11 'खिलाड़ी'

Published: Thu, 05 Dec 2024 06:31 PM (IST)

झारखंड में हेमंत सोरेन कैबिनेट का विस्तार हो गया है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को राजभवन में आयोजित ...और पढ़ें

हेमंत कैबिनेट ने लिया आकार, 11 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
हेमंत कैबिनेट ने लिया आकार, 11 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

HighLights

  1. राज्यपाल ने प्रोटेम स्पीकर एवं मंत्रियों को दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
  2. राज्य में 10 वर्ष बाद मुख्यमंत्री सहित सभी 12 मंत्रियों का बर्थ भरा
  3. सभी मंत्री कल संभालेंगे कामकाज, शाम तीन बजे कैबिनेट की बैठक में लेंगे भाग

राज्य ब्यूरो, रांची। Hemant Soren Cabinet हेमंत कैबिनेट ने अपना आकार ले लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने कैबिनेट में 11 मंत्रियों को सम्मिलित किया है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को राजभवन के अशोक उद्यान में आयोजित समारोह में सभी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रियों के शपथ ग्रहण के साथ ही राज्य में 10 वर्ष बाद मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों के सभी 12 बर्थ भरा। इससे पहले रघुवर सरकार तथा पिछली हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री का एक बर्थ रिक्त रहा था।

शपथ ग्रहण समारोह में सबसे पहले मुख्य सचिव अल्का तिवारी ने प्रोटेम स्पीकर के पद पर प्रो. स्टीफन मरांडी की नियुक्ति का आदेश पढ़ा। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद मुख्य सचिव ने सभी मंत्रियों की नियुक्ति का आदेश पढ़ा। आदेश में मंत्रियों के उल्लेखित नाम के क्रम के अनुसार राज्यपाल ने सभी मंत्रियों को बारी-बारी से पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सबसे पहले और आखिर में किसने ली शपथ?

सबसे पहले राधाकृष्ण किशोर ने शपथ ली तो सबसे अंत में शिल्पी नेहा तिर्की को शपथ दिलाई गई। इस बीच क्रम से दीपक बिरूवा, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, रामदास सोरेन, इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार सोनू ने मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

राज्यपाल ने शपथ ग्रहण के बाद सभी मंत्रियों को पुष्पगुच्छ सौंपते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके बाद राज्यपाल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन सहित सभी मंत्रियों की ग्रुप फोटोग्राफी हुई। सभी मंत्री शुक्रवार को कार्यभार संभालेंगे। शुक्रवार को ही शाम में वर्तमान सकरार के कैबिनेट की दूसरी बैठक होगी, जिसमें सभी मंत्री भाग लेंगे।

हफीजुल हसन ने ली उर्दू में शपथ

हफीजुल हसन ने उर्दू में अल्लाह के नाम मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वहीं, इरफान अंसारी ने न तो ईश्वर या न ही अल्लाह का नाम लिया। उन्होंने सीधे प्रतिज्ञान लिया।

हेमंत कैबिनेट में पांच नए चेहरे, छह पहले भी रह चुके हैं मंत्री

हेमंत कैबिनेट में छह नया चेहरा है। ये पहली बार मंत्री बने हैं। इनमें चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार सोनू तथा शिल्पी नेहा तिर्की सम्मिलित हैं। वहीं, अन्य छह पहले भी मंत्री रह चुके हैं।

हफीजुल हसन, दीपक बिरूवा, इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय तथा रामदास सोरेन पिछली सरकार में मंत्री थे तो राधाकृष्ण किशोर पूर्व में मंत्री रह चुके हैं। झामुमो कोटे से छह, कांग्रेस से चार तथा राजद से एक मंत्री बने हैं।

सबसे अधिक संताल प्रमंडल से बने मंत्री

संताल प्रमंडल से सबसे अधिक चार मंत्री बने हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी संताल प्रमंडल से हैं। अन्य प्रमंडलों की बात करें तो कोल्हान प्रमंडल, उत्तरी छोटानागपुर तथा दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल से दो-दो तथा पलामू प्रमंडल से एक मंत्री बने हैं।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Cabinet: झारखंड की सियासत में बढ़ी गोड्डा जिले की हनक, सीएम के साथ ही मिले दो मंत्री पद

ये भी पढ़ें- Jharkhand New Cabinet: कौन हैं तेजस्वी के बेहद खास संजय प्रसाद यादव? जिन्हें हेमंत सरकार में मंत्री बनाया गया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।