यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Politics: '100 में से 20 सीटें बेच देती है कांग्रेस', उमाशंकर अकेला के आरोपों पर हिमंत सरमा का बड़ा दावा
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में एनडीए की जीत तय है यह दावा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने किया ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, रांची। आजसू प्रमुख सुदेश महतो के नामांकन में सिल्ली पहुंचे असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में एनडीए की जीत तय है। इस मौके पर बरही से कांग्रेस के पूर्व नेता व विधायक उमाशंकर अकेला के दो करोड़ रुपये लेकर टिकट देने वाले बयान को उन्होंने सही बताया।
उन्होंने कहा कि मैं भी एक समय कांग्रेस में था। कांग्रेस में अगर एक स्टेट में 100 सीट हैं तो 20 सीट बिकती है। यह उनकी पुरानी परंपरा है। उमा शंकर अकेला ने जो बताया वह कोई नई बात नहीं है। हर राज्य में हमलोग देखते हैं कि कांग्रेस 20 प्रतिशत सीट बेचती है।
उन्होंने कहा कि झारखंड कांग्रेस के प्रभारी मीर साहब पर व्यक्तिगत आरोप लगाने से कोई फायदा नहीं है। यह कांग्रेस का सिस्टम है कि वे 20 प्रतिशत सीट बेच देते हैं।
नामांकन वापसी से पहले मान जाएंगे नाराज नेता
रांची में बागी उम्मीदवार के सवाल पर उन्होंने कहा कि हर कोई चाहता है कि वह चुनाव लड़े। लेकिन नामांकन वापसी की तारीख तक इन्हें मनाया भी जाता है।
उन्होंने कहा कि एनडीए की ओर से प्रत्येक सीट पर 1 ही प्रत्याशी खड़ा किया जा रहा है। जबकि आइएनडीआइए गठबंधन की सीट पर 2 से 3 उम्मीदवार खड़े हो रहे हैं। जिन नेताओं ने पार्टी से अलग होकर नामांकन किया है उन्हें मना लिया जाएगा।
झारखंड को घुसपैठियों से बचाना है
हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि असम की हालत भी झारखंड की तरह के थे। 20 प्रतिशत मुसलमानों की संख्या बढ़ते-बढ़ते घुसपैठियों के कारण 45 प्रतिशत हो गया।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण झारखंड की जनसांख्यिकी बदल रही है, लेकिन सत्तारूढ़ झामुमो इस मुद्दे पर चुप है। क्योंकि वे उनके वोट बैंक हैं। भाजपा ने चुनाव के बाद राज्य को घुसपैठियों से बचाने का संकल्प लिया है।
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024: कब होगा मतदान?
- पहले चरण की 43 सीटों पर 13 नवंबर 2024 को मतदान कराया जाएगा।
- दूसरे चरण की 38 सीटों पर 20 नवंबर 2024 को मतदान कराया जाएगा।
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024: मतगणना कब होगी?
- झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे 23 नवंबर 2024 को आएंगे। चुनाव आयोग करीब सुबह 8 बजे मतगणना शुरू करेगा।
- इसके बाद आयोग 25 नवंबर 2024 को चुनाव संपन्न होने की घोषणा करेगा।
कब जारी हुआ था चरणवार गजट नोटिफिकेशन
- बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए पहले चरण का गजट नोटिफिकेशन बीती 18 अक्टूबर को जारी हुआ था।
- इसके बाद दूसरे चरण के चुनाव के लिए बीती 22 अक्टूबर को गजट नोटिफिकेशन जारी किया गया था।
यह भी पढ़ें: Jharkhand News: झारखंड में चुनाव से पहले BJP का मास्टर स्ट्रोक, रविंद्र राय को बनाया प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष
