झारखंड के रेल यात्री ध्यान दें: हावड़ा में 24 से 27 जुलाई तक नान-इंटरलाकिंग कार्य, 39 ट्रेनों का परिचालन होगा प्रभावित
हावड़ा लिंक केबिन में 24 से 27 जुलाई तक नान-इंटरलाकिंग कार्य के कारण 39 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होगा। हटिया-हावड़ा क्रिया योग एक्सप्रेस सहित कई ट् ...और पढ़ें

हटिया-हावड़ा क्रिया योग एक्सप्रेस समेत बेंगलुरु, मुंबई व चेन्नई जाने वाली ट्रेनें प्रभावित।
HighLights
हावड़ा लिंक केबिन में 24-27 जुलाई तक नान-इंटरलाकिंग कार्य।
कुल 39 ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया।
हटिया-हावड़ा क्रिया योग एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें प्रभावित।
जागरण संवाददाता, रांची। हावड़ा स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-24 के चालू किए जाने को लेकर 24 जुलाई की शाम पांच बजे से 27 जुलाई की सुबह पांच बजे तक हावड़ा लिंक केबिन में नान-इंटरलाकिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते दक्षिण-पूर्व रेलवे ने कुल 39 ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है। इनमें कई ट्रेनों का प्रारंभिक एवं अंतिम स्टेशन बदला गया है।
कुछ ट्रेनें हावड़ा के स्थान पर सांतरागाछी अथवा शालीमार स्टेशन से खुलेंगी, जबकि आने वाली कई ट्रेनें हावड़ा पहुंचने के बजाय इन्हीं स्टेशनों पर अपनी यात्रा समाप्त करेंगी।
रांची और हटिया से यात्रियों को सबसे अधिक प्रभावित करने वाली ट्रेन 18615/18616 हटिया-हावड़ा क्रिया योग एक्सप्रेस है। 24, 25 और 26 जुलाई को यह ट्रेन हावड़ा के बजाय सांतरागाछी से खुलेगी, जबकि 24 जुलाई को हटिया से चलने वाली 18616 क्रियायोग एक्सप्रेस हावड़ा के बजाय सांतरागाछी में ही यात्रा समाप्त करेगी।
इसी प्रकार रांची से बड़ी संख्या में यात्रियों द्वारा उपयोग की जाने वाली 12863 हावड़ा-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस भी 24 और 25 जुलाई को सांतरागाछी से रवाना होगी। वहीं 12246 एसएमवीटी बेंगलुरु-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस 23 और 24 जुलाई को सांतरागाछी में ही समाप्त होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन के प्रस्थान और आगमन स्टेशन की जानकारी अवश्य जांच लें, क्योंकि नान-इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान कई ट्रेनों के टर्मिनल स्टेशन अस्थायी रूप से बदले गए हैं। इससे हावड़ा स्टेशन के बजाय यात्रियों को सांतरागाछी या शालीमार स्टेशन से यात्रा करनी पड़ सकती है।