Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नगर निकाय चुनाव के कारण JAC ने बदलीं परीक्षा तिथियां, 11वीं-8वीं-9वीं के एग्जाम फरवरी के बजाय मार्च में

    Updated: Wed, 11 Feb 2026 02:00 AM (GMT+05:30)

    झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने राज्य में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव के कारण कई कक्षाओं की परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है। इंटरमीडिएट, 11वीं, ...और पढ़ें

    जैक 11वीं व 12वीं की परीक्षा तिथि बदली

    जैक 11वीं व 12वीं की परीक्षा तिथि बदली

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, रांची। राज्य में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को देखते हुए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने इसी माह फरवरी में आयोजित होने वाली कई कक्षाओं की परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है।

    चुनावी प्रक्रिया के कारण इंटरमीडिएट सहित वर्ग 11वीं, आठवीं और नौवीं की परीक्षा को पुनर्निर्धारित किया गया है। जैक ने इस संबंध में अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और परीक्षार्थियों को सूचना दे दी है।

    निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा, जबकि 27 फरवरी को मतगणना कराई जाएगी। इसी क्रम में जैक इंटरमीडिएट की परीक्षा की एक विषय हिन्दी की परीक्षा 23 फरवरी को निर्धारित थी, जिसे अब 24 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 2 बजे से 5.15 बजे तक होगी।

    वहीं,11वीं कक्षा की परीक्षा अब 25, 26 और 28 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। विज्ञान और वाणिज्य संकाय की परीक्षाएं पूर्वाह्न पाली में, जबकि कला संकाय की परीक्षाएं द्वितीय पाली में ली जाएंगी।

    कक्षा आठवीं की परीक्षा अब 2 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जबकि कक्षा नौवीं की परीक्षा 6 और 7 मार्च को निर्धारित की गई है। जैक ने स्पष्ट किया है कि मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी को ही समाप्त हो रही है, इसलिए नगर निकाय चुनाव का मैट्रिक परीक्षार्थियों पर किसी भी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ेगा और मैट्रिक परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

    मालूम हो कि चुनाव के बीच परीक्षा आयोजन को लेकर परीक्षार्थियों और अभिभावकों ने पहले कई सवाल उठाए थे। छात्रों का कहना था कि मतदान और मतगणना के दौरान विद्यालय भवनों, शिक्षकों और प्रशासनिक संसाधनों की व्यस्तता से परीक्षा प्रभावित हो सकती है। ऐसे में जैक द्वारा परीक्षा तिथियों में किया गया संशोधन छात्रों के लिए राहत भरा माना जा रहा है।