Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू-कश्मीर के फरार ड्रग तस्करों की झारखंड में भी तलाश, सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट जारी

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 06:19 PM (IST)

    जम्मू-कश्मीर से फरार दो मादक पदार्थ तस्करों वसीम अहमद लोन और फैजान अहमद मकाया की तलाश में झारखंड सहित पूरे देश में ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किया गया ...और पढ़ें

    जम्मू-कश्मीर के दो फरार मादक पदार्थ तस्करों की तलाश। जागरण

    जम्मू-कश्मीर के दो फरार मादक पदार्थ तस्करों की तलाश। जागरण

    HighLights

    1. जम्मू-कश्मीर के दो फरार मादक पदार्थ तस्करों की तलाश।

    2. झारखंड सहित देशभर में ह्यू एंड क्राइ नोटिस जारी।

    राज्य ब्यूरो, रांची। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल एसएसपी कार्यालय के माध्यम से जारी ह्यू एंड क्राई नोटिस के बाद वहां के फरार दो मादक पदार्थ तस्करों की झारखंड में भी तलाश चल रही है।

    यह नोटिस जम्मू-कश्मीर के सभी जिला, थाना व ओपी के अलावा देशभर के सभी राज्यों के डीजीपी, पुलिस कमिश्नर व जांच एजेंसियों को ई-मेल के माध्यम से भेजा गया है।

    ई-मेल के माध्यम से मिले इस नोटिस को डीजीपी कार्यालय ने सभी जिलों के एसएसपी-एसपी को भेजा है। इसके बाद इसे सभी थाना, ओपी व मुहल्ला बीट प्रभारी को दिया गया है, ताकि फरार मादक पदार्थ तस्करों के बारे में जानकारी मिलने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।

    जम्मू-कश्मीर में सक्रिय रहे जिन दो मादक पदार्थ तस्करों की पूरे देश में तलाश चल रही है, उनमें जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के बेमिना के नुंद्रेश कालोनी निवासी वसीम अहमद लोन व बेमिना के ही उस्मानाबाद निवासी फैजान अहमद मकाया उर्फ फैसल शामिल हैं।

    ये दोनों ही आरोपित गांदरबल जिले के लारा थाने में वर्ष 2024 में दर्ज कांड संख्या 23/2024 से जुड़े हैं। मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े इस मामले में छानबीन के क्रम में वहां की पुलिस को इनके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के बारे में भी जानकारी मिली थी।

    जम्मू-कश्मीर पुलिस इनकी तलाश के क्रम में इनके ठिकानों पर भी छापामारी की थी, लेकिन ये फरार मिले। इसके बाद ही वहां की पुलिस ने आम जनता से मदद मांगी है, ताकि इनके बारे में पता लगाया जा सके।

    नोटिस में गांदरबल एसएसपी कार्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि इनके बारे में सूचना मिलने पर इसकी जानकारी गांदरबल पुलिस को दी जाय। जम्मू-कश्मीर पुलिस ड्रग्स तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। कुछ दिन पहले ही जम्मू पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के करोड़ों के मकान को ध्वस्त किया था।

    खबरें और भी

    मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध झारखंड सहित पूरे देश में चल रहा है अभियान

    मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध झारखंड सहित पूरे देश में अभियान चल रहा है। गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में पिछले दिनों सभी राज्यों के डीजीपी की बैठक में भी ड्रग्स की तस्करी रोकने को लेकर रणनीति बनी थी।

    सभी राज्यों ने ड्रग्स की तस्करी को रोकने के लिए आपसी समन्वय से अभियान चलाने, तस्करों की गोपनीय सूचनाओं को एक-दूसरे से साझा करने व उनके विरुद्ध कारगर कार्रवाई के लिए सहमति दी थी। झारखंड के पुलिस अधिकारियों ने भी राज्य की सीमा से सटे दूसरे राज्यों के अधिकारियों के साथ भी बैठक कर रणनीति बनाई है।

    झारखंड में भी अफीम, ब्राउन शुगर, हेरोइन की तस्करी मामले में इस वर्ष एक दर्जन से अधिक आरोपित गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।