Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड में पुलिस के सामने करणी सेना नेता की हत्या: अफसरों पर चले हत्या का मुकदमा, 3 जुलाई को भाजपा का 'जमशेदपुर बंद'

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 07:32 PM (GMT+05:30)

    जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी में करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या के बाद भाजपा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने कानून-व्य ...और पढ़ें

    HighLights

    1. पुलिस की मौजूदगी में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या।

    2. भाजपा ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए, 3 जुलाई को बंद।

    3. सीएम ने जमशेदपुर, सरायकेला के एसपी को हटाया, जांच जारी।

    राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा है कि जमशेदपुर में युवक की हत्या के समय वहां उपस्थित पुलिस अधिकारियों पर फास्टट्रैक कोर्ट चलाकर सजा देने की कार्रवाई की जाए। बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता कर आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में रूल आफ ला का गंभीर संकट है।

    पार्टी ने इस हत्याकांड के विरोध में तीन जुलाई को जमशेदपुर बंद बुलाया है। इससे पहले गुरुवार को वहां मशाल जुलूस निकाला जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन ने प्रदेश की विधि व्यवस्था को लेकर तत्काल ठोस कारगर कदम नहीं उठाया तो झारखंड बंद भी कराने का काम पार्टी करेगी।

    साहू ने कहा कि यह घटना राज्य में अपराधियों द्वारा समानांतर सरकार चलाने और खुलेआम नंगा नाच करने का भी बड़ा उदाहरण है। प्रदेश अध्यक्ष ने अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने, संगठित अपराध, गैंग, रंगदारी और अवैध हथियारों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू करने की मांग की है।

    इसके अलावा पीड़ित परिवार को न्याय, सुरक्षा, उचित मुआवजा, सरकारी सहायता सुनिश्चित करने की मांग भी राज्य सरकार से की है। साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जन दबाव में दो-दो एसपी का ट्रांसफर किया गया। वैसे भी इन अफसरों का कार्यकाल लगभग पूरा हो चुका था।

    खबरें और भी

    इन अफसरों को सरकार द्वारा हटाने के 12 घंटे से अधिक समय बाद भी नए एसपी की पोस्टिंग नहीं होना सरकार की मंशा पर बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पोस्टिंग की दर तय की जा रही है।

    नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी एक्स पर जताया आक्रोश

    बाबलूलाल ने लिखा, "जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी के दौरान करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की चाकू मारकर हत्या की खबर बेहद दुखद और झकझोर देने वाली है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की तत्परता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

    पिछले वर्ष करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

    मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने और मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका व लापरवाही की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।"

    जमशेदपुर में क्या हुआ

    करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह पर हमला होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना का वीडियो वायरल हो गया, जिसमें पुलिस वाहन के पास अपराधियों द्वारा हमला दिख रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर के SSP और सरायकेला के SP को हटाकर पुलिस मुख्यालय संबद्ध कर दिया है।

    भाजपा का आरोप है कि राज्य में अपराधी बेखौफ हो गए हैं और पुलिस महज औपचारिक कार्रवाइयों तक सीमित रह गई है। पार्टी इस मामले को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन तेज करेगी। पुलिस की मौजूदगी में हमले से आक्रोश बढ़ा है।