यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Election 2024: इन 8 विधायकों का पूरा नहीं हुआ लोकसभा पहुंचने का सपना, अब फिर से लड़ रहे MLA का चुनाव
लोकसभा चुनाव में हार के बाद 8 विधायक अब विधानसभा चुनाव में अपनी सीट बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इनमें से दो ने अपनी पार्टी बदल दी है जबकि बाकी अपनी ही ...और पढ़ें

HighLights
- झारखंड में लोकसभा चुनाव हारे नेता अब फिर से एमएलए के लिए किस्मत आजमाने जा रहे
- लोकसभा चुनाव में कुल 12 विधायकों ने अपना भाग्य आजमाया था जिनमें 4 को जीत मिली थी
नीरज अम्बष्ठ, रांची। इस वर्ष हुए लोकसभा चुनाव में भाग्य आजमानेवाले आठ विधायकों का 'दिल्ली' का सपना पूरा नहीं हुआ था। ये सभी अब अपनी विधायकी बचाने के प्रयास में लगे हैं। यह संयोग ही है कि लोकसभा चुनाव हारनेवाले सभी के सभी विधायक इस बार विधानसभा चुनाव भी लड़ रहे हैं।
इनमें से दो को छोड़कर सभी अपने ही दल से चुनाव लड़ रहे हैं। दो विधायक लोबिन हेम्ब्रम तथा चमरा लिंडा ने झामुमो से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय लोकसभा चुनाव लड़ा था। इस बार लोबिन जहां भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं चमरा को उनकी पार्टी ने ही टिकट दिया है।
लोकसभा चुनाव में 12 विधायकों ने अपना भाग्य आजमाया था
लोकसभा चुनाव में कुल 12 विधायकों ने अपना भाग्य आजमाया था। इनमें चार लोकसभा पहुंचने में सफल रहे थे। लेकिन आठ विधायकों को हार का सामना करना पड़ा था। ये सभी इस बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें सिर्फ सीता सोरेन इस बार जामा की जगह जामताड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। बाकी सभी सात नेता/नेत्री अपनी सीट पर ही चुनाव लड़ रहे हैं।
लोकसभा चुनाव की बात करें तो आइएनडीआइए के सात तथा भाजपा के तीन विधायकों ने चुनाव लड़ा था, जबकि दो विधायक निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे थे। इनमें भाजपा तथा झामुमो के दो-दो विधायकों को जीत मिली थी। भाजपा से ढुलू महतो और मनीष जायसवाल तथा झामुमो से जोबा मांझी और नलिन सोरेन लोकसभा चुनाव जीतने में सफल रहे।
खबरें और भी
तीन नेता अपने परिजनों को टिकट दिलाने में सफल रहे
लोकसभा पहुंचनेवाले चार विधायकों में तीन ऐसे नेता-नेत्री हैं जो विधानसभा चुनाव में भी अपनी-अपनी सीटों पर अपने परिजन को टिकट दिलाने में सफल रहे। नलिन सोरेन के बेटे आलोक सोरेन शिकारीपाड़ा, ढुलू महतो के भाई शत्रुघ्न महतो बाघमारा तथा जाेबा मांझी के बेटे जगत मांझी मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। इस तरह, लोकसभा चुनाव लड़नवाले 12 विधायकों में एक मनीष जायसवाल को छोड़कर सभी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस विधानसभा चुनाव के मैदान में हैं।
इन विधायकों को लोकसभा में मिली थी हार, अब फिर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
| विधायक | पार्टी | विधानसभा सीट |
| सीता सोरेन | भाजपा | जामताड़ा |
| प्रदीप यादव | कांग्रेस | पोडेयाहाट |
| विनोद कुमार सिंह | भाकपा माले | बगोदर |
| जेपी पटेल | कांग्रेस | मांडू |
| मथुरा महतो | झामुमो | टुंडी |
| समीर मोहंती | झामुमो | बहरागोड़ा |
| चमरा लिंडा | झामुमो | विशुनुपर |
| लोबिन हेम्ब्रम | भाजपा | बोरियो |
ये भी पढ़ें