विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

झारखंड में दूसरे चरण के लिए क्या है BJP की तैयारी? पार्टी ने आखिर में खेला अलग दांव; यहां समझें पूरा समीकरण

Published: Sun, 17 Nov 2024 09:12 AM (IST)

भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड के दूसरे चरण के चुनाव प्रचार अभियान में अपने सभी स्टार प्रचारकों को उतार दिया ...और पढ़ें

दूसरे चरण के लिए भाषा से लेकर जाति तक का समीकरण साधने में लगी भाजपा
दूसरे चरण के लिए भाषा से लेकर जाति तक का समीकरण साधने में लगी भाजपा

HighLights

  1. बांग्लाभाषी मतदाताओं के लिए मिथुन चक्रवर्ती को उतारा गया
  2. यादव बहुल क्षेत्र में मुख्यमंत्री मोहन यादव कर रहे चुनाव प्रचार

राज्य ब्यूरो, रांची। भारतीय जनता पार्टी दूसरे चरण के चुनाव प्रचार अभियान में अपने सारे स्टार प्रचारकों को उतार चुकी है। फिल्म अभिनेता और बंगाल भाजपा के नेता मिथुन चक्रवर्ती धनबाद से लेकर जामताड़ा तक में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। बता दें कि संताल परगना में भी बांग्लाभाषी मतदाताओं की बड़ी संख्या है।

इसी तरह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी इस समुदाय की बहुलता वाले क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रही हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के चुनाव क्षेत्र धनवार में भी शोभा यादव समेत कई प्रमुख नेता कैंप कर रहे हैं।

इसी तरह राजमहल क्षेत्र में मल्लाह जाति की संख्या को देखते हुए बिहार से इस समाज के कई नेता भाजपा के लिए प्रचार करने पहुंचे हैं। हालांकि, इन नेताओं को दूसरे क्षेत्रों में भी भेजा जा रहा है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने देशभर से अपनी टीम को झारखंड में चुनाव में पार्टी की मदद करने के लिए उतारा है।

संताल परगना में चंपई सोरेन और कोल्हान के नेता डटे

पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन अपने क्षेत्र में चुनाव संपन्न होने के बाद संताल परगना क्षेत्र में प्रचार के लिए डटे हैं। यहां संताल आदिवासियों की बड़ी संख्या है।

चंपई सोरेन यहां बांग्लादेशी घुसपैठ से आदिवासी समाज को हो रहे नुकसान की बात मुखरता से कर रहे हैं। कोल्हान क्षेत्र के दूसरे आदिवासी नेता भी प्रचार के लिए दूसरे चरण की सभी सीटों पर लगातार दौरे कर रहे हैं।

कसमार में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा आज

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का बोकारो जिले के कसमार प्रखंड में चुनावी सभा की तैयारी पूरी कर ली गई है। गोमिया विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी डाक्टर लंबोदर महतो के पक्ष में चुनावी सभा के लिए भाजपा के राष्ट्रीय रविवार को प्रखंड के सपाहीटांड़ में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा भाजपा व आजसू के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। विधानसभा संयोजक लक्ष्मण नायक ने बताया कि चुनावी सभा में आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो, विहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन, एनडीए प्रत्याशी डाक्टर लंबोदर महतो शामिल होंगे।

गीता कोड़ा के साथ पाकुडिया पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री मधुकोड़ा

दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए सभी दलों ने अपनी ताकत झोक दी है। इसी सिलसिले में सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री मधुकोड़ा अपनी पत्नी गीता कोड़ा के साथ शुक्रवार की देर रात को पाकुड़िया पहुंचे और शनिवार की सुबह महेशपुर विधानसभा में प्रचार प्रसार की कमान संभाल ली।

इस दौरान मधुकोड़ा एवं गीता कोड़ा ने फुलझिंझरी,मोहनपुर, राजदाहा सहित दर्जनों गांवों का दौरा कर महेशपुर से भाजपा प्रत्याशी नवनीत हेंब्रम के पक्ष में वोट की अपील की। इस दौरान मधुकोड़ा ने हेमंत सोरेन सरकार की जमकर खिंचाई की।

उन्होंने कहा कि पांच साल के कार्यकाल में हेमंत सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने में विफल रही। राज्य में हेमंत सरकार ने न ही डॉक्टर पैदा किया और न ही इंजीनियर। सिर्फ ठेकेदार पैदा किया, लेकिन राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो यहां डॉक्टर और इंजीनियर पैदा होंगे। युवाओं को नौकरी दी जाएगी।

यह भी पढ़ें-

'हिंदुओं को भी मंगलवार को मिले छुट्टी', झारखंड में दूसरे चरण के मतदान से पहले हिमंत ने कर दी अलग मांग; गरमाई सियासत

Jharkhand Election: पाकुड़ के आजसू प्रत्याशी अजहर पर बम से हमला, गाड़ियां क्षतिग्रस्त; मौके पर पहुंचे अधिकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।