'संताल परगना की बदल रही डेमोग्राफी', बाबूलाल मरांडी ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर संताल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ से जनसांख्यिकीय बदलाव का आरोप लगाया।

'संताल परगना की बदल रही डेमोग्राफी', बाबूलाल मरांडी ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र
HighLights
बाबूलाल मरांडी ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा।
संताल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ से जनसांख्यिकीय बदलाव।
सरकारी और आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जा का आरोप।
राज्य ब्यूरो, रांची। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर संताल परगना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बांग्लादेशी घुसपैठ से जनसांख्यिकीय यानि डेमोग्राफी में बदलाव और उनके द्वारा सरकारी व आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जा का आरोप लगाया है।
मरांडी ने संताल परगना क्षेत्र में अवैध तरीके से निवास कर रहे बंगलादेशी घुसपैठियों की पहचान करते हुए डिटेंशन सेन्टर में तत्काल रखने और इनके निर्वासन के संबंध में उचित कदम उठाने की मांग की है।
पत्र में बाबूलाल मरांडी ने संथाल परगना क्षेत्र, विशेषकर पाकुड़, राजमहल, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर एवं अन्य कई विधानसभा क्षेत्रों में तेजी से बिगड़ते आंतरिक सुरक्षा को चिंताजनक बताया है।
उन्होंने कहा है कि वर्ष 2019 से 2024 के बीच एक विशेष समुदाय की आबादी तेजी से बढ़ रही है। मरांडी ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और स्थानीय जनजातीय अस्मिता के लिए गंभीर खतरा बताया है।
उन्होंने पत्र में संथाल परगना काश्तकारी अधिनियम का खुला उल्लंघन करते हुए मुस्लिम समुदाय द्वारा सरकारी जमीन, गोचर और गरीब आदिवासियों की पैतृक भूमि पर फर्जी तरीके से कब्जा का आरोप लगाया है।
मरांडी ने कहा है कि जाली आधार कार्ड और अवैध जन्म प्रमाण पत्र बनाकर इन बाहरी घुसपैठियों को स्थापित किया जा रहा है। इसमें उन्होंने राज्य के सत्तारूढ़ दल और स्थानीय प्रशासन के एक वर्ग द्वारा अपने खास बैंक को सुरक्षित करने के लिए इन अवैध घुसपैठियों को खुला राजनीतिक संरक्षण देने का भी जिक्र किया है। उन्होंने गृह मंत्री से इसपरकार्रवाई की मांग की है।
