Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हीटवेव पर सीएम सोरेन सख्त: पानी-बिजली में कोताही बर्दाश्त नहीं, ऑफिस छोड़ जमीन पर उतरें अधिकारी; सभी DC को निर्देश

    Updated: Tue, 05 May 2026 01:32 PM (IST)

    Jharkhand मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे पर उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने सभी उपायुक्तों (DC) को पेयजल और बिजली की समुचित व्य ...और पढ़ें

    गर्मी और हीटवेव पर सीएम सोरेन सख्त, अधिकारियों को निर्देश।

    गर्मी और हीटवेव पर सीएम सोरेन सख्त, अधिकारियों को निर्देश।

    HighLights

    1. पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं पर मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान।

    2. उपायुक्तों को जमीनी निगरानी और जनसंवाद के निर्देश।

    3. गर्मी में आम लोगों को परेशानी न हो, सीएम का आदेश।

    राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों और वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

    बैठक में पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि गर्मी के इस दौर में आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

    उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जलापूर्ति योजनाओं, चापाकलों और टैंकरों की नियमित मॉनिटरिंग हो तथा जहां भी जल संकट की सूचना मिले, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए।

    बिजली आपूर्ति को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है। ट्रांसफार्मर खराबी, बिजली कटौती और अन्य तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हीटवेव और लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों में पूरी तैयारी रहनी चाहिए। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयां, ओआरएस, पेयजल और पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

    ऑफिस से निकलें, जमीनी हकीकत जानें अधिकारी 

    सीएम ने राज्य के सभी उपायुक्तों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने और जमीनी हकीकत का आकलन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी आम लोगों से सीधे संवाद करें, उनकी समस्याएं सुनें और त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में प्रशासनिक समन्वय पर भी जोर दिया गया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें ताकि किसी भी नागरिक को पानी, बिजली या स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में कठिनाई का सामना न करना पड़े।

    बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अजय कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव (गृह) वंदना दादेल सहित सभी जिलों के उपायुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

    खबरें और भी