विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची व जमशेदपुर से गिरफ्तार तस्करों के पास मिले इंटरनेशनल नंबर्स, पूरे झारखंड में हॉटस्पॉट चिह्नित करने में जुटा प्रशासन

Published: Wed, 28 Oct 2026 10:13 PM (IST)

रांची और जमशेदपुर में कोकीन व एमडीएमए की बरामदगी के बाद झारखंड सरकार ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

एनसीबी की कार्रवाई के बाद राज्य सरकार ने सभी जिलों में नशे के हॉटस्पॉट चिह्नित करने का निर्देश दिया है।

एनसीबी की कार्रवाई के बाद राज्य सरकार ने सभी जिलों में नशे के हॉटस्पॉट चिह्नित करने का निर्देश दिया है। 

HighLights

  1. झारखंड के सभी जिलों में नशे के हॉटस्पॉट चिह्नित करने के निर्देश।

  2. एनसीबी जांच में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क के संकेत मिले।

राज्य ब्यूरो, रांची। रांची और जमशेदपुर में कोकीन व एमडीएमए की बरामदगी के बाद झारखंड में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की तैयारी है। 
 
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की कार्रवाई के बाद राज्य सरकार ने सभी जिलों में नशे के हॉटस्पॉट चिह्नित करने का निर्देश दिया है। पुलिस संभावित ठिकानों की पहचान कर रही है, ताकि वहां प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
 
मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने गृह सचिव वंदना दादेल के साथ बैठक कर सभी जिलों में नशे के हॉटस्पॉट चिह्नित करने का निर्देश दिया था। 
 
इन स्थानों की सूची पुलिस मुख्यालय के माध्यम से गृह विभाग को भेजी जानी है। कुछ जिलों ने सूची तैयार कर भेज भी दी है। 
 
सभी जिलों से जानकारी मिलने के बाद समेकित कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके तहत संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी और आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 
एनसीबी ने हाल ही में रांची और जमशेदपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनमें रजत जैन उर्फ जिम्मी, उदित कुमार, आकाश मल्होत्रा, स्नेहा पासवान, मिलन सिंह और ऋषभ जैन शामिल हैं।
 
कार्रवाई के दौरान 18 ग्राम कोकीन और 15 से 16.5 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया था। आरोपितों के पास से मिले अंतरराष्ट्रीय संपर्क नंबरों का भी सत्यापन किया जा रहा है। 
 
जांच में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े संभावित संपर्कों की जानकारी सामने आने के बाद जांच एजेंसियां सक्रिय हैं।
 
एनसीबी रांची में संदिग्ध ठिकानों से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एजेंसी ने मोरहाबादी स्थित रूइन हाउस बार और कांके रोड स्थित ऑन द रॉक्स बार के संचालकों से पार्किंग से लेकर बार तक के सीसीटीवी फुटेज मांगे थे।
 
इसके अलावा संभावित ठिकानों के आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी संबंधित लोगों से मांगी गई है। इन फुटेज की जांच के जरिए आरोपितों की गतिविधियों, उनके संपर्कों और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।