झारखंड का वेतन घोटाला: अब ED खोलेगी तिजोरी के राज, रिमांड पर आएंगे सरकारी खजाने के 'लुटेरे'
ईडी जिलों के कोषागार से अवैध वेतन निकासी मामले की जांच कर रही है। एजेंसी गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी और उनके सहयोगियों की जानकारी ...और पढ़ें

ईडी अवैध वेतन निकासी मामले में गिरफ्तार आरोपियों से करेगी पूछताछ।
HighLights
ईडी अवैध वेतन निकासी मामले में आरोपियों को रिमांड पर लेगी।
अवैध वेतन हस्तांतरण के चैनलों और सहयोगियों की जांच होगी।
अपराध से अर्जित संपत्ति की जानकारी जुटाकर जब्त की जाएगी।
राज्य ब्यूरो, रांची। जिलों के कोषागार से अवैध तरीके से वेतन निकासी मामले में इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट (ईसीआइआर) दर्ज कर जांच कर रही ईडी अब पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों को रिमांड पर लेकर एक-एक कर पूछताछ करेगी।
ईडी उनसे पूछताछ करेगी और उनके सहयोगियों की भी जानकारी जुटाएगी। अवैध वेतन को जिन खातों में स्थानांतरित किया गया है, उस चैनल को भी ईडी खंगालेगी, ताकि यह पता चल सके कि इस पूरे सिंडिकेट में कितने और किस रूप में जुड़े।
ईडी अब सरकारी धन से जुटाई गई चल-अचल संपत्ति की भी जानकारी जुटाएगी। अपराध से अर्जित संपत्ति का पूरा ब्यौरा मिलने के बाद ईडी भविष्य में उसकी जब्ती भी करेगी।
ईडी ने बोकारो, हजारीबाग व रांची में दर्ज अवैध वेतन निकासी मामले से जुड़े केस को ही अपने ईसीआइआर जोड़ा है। इन तीन जिलों से जिला पुलिस व सीआइडी की एसआइटी ने मिलकर कुल 11 आरोपितों को जेल भेजा है।
इनमें चार आरोपित बोकारो, छह आरोपित हजारीबाग व एक आरोपित रांची से जुड़े केस में गिरफ्तार हुआ है। कुछ आरोपित संबंधित जिलों की जेल में हैं तो कुछ रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में भेजे गए हैं।
ईडी ने संबंधित जिलों से एफआइआर, गिरफ्तारी, स्वीकारोक्ति बयान व अब तक जांच में आए तथ्यों से संबंधित इनपुट को एकत्रित किया है, जिसकी समीक्षा चल रही है।
समीक्षा के बाद गिरफ्तार आरोपितों से रिमांड पर पूछताछ के लिए ईडी रांची स्थित ईडी की विशेष अदालत से अनुमति लेगी, ताकि पूछताछ पूरी कर सके।