विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Election Result 2024: कौन तोड़ेगा नलिन सोरेन का रिकॉर्ड, कौन लगाएगा हैट्रिक और चौका-छक्का?

Published: Thu, 21 Nov 2024 07:33 PM (IST)

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। पोस्टल बैलेट की गणना के साथ ही सुबह नौ बजे ...और पढ़ें

कौन तोड़ेगा नलिन सोरेन का रिकॉर्ड, कौन लगाएगा हैट्रिक और चौका-छक्का?
कौन तोड़ेगा नलिन सोरेन का रिकॉर्ड, कौन लगाएगा हैट्रिक और चौका-छक्का?

HighLights

  1. सीपी और चंपई चुनाव जीते तो तोड़ेंगे लगातार सात बार चुनाव जीतने का नलिन का रिकॉर्ड
  2. प्रदीप और नीलकंठ लगा सकते हैं लगातार जीत का छक्का, हेमंत, बिरूवा और सीता सोरेन चौका
  3. दो चरणों में संपन्न विधानसभा चुनाव का 23 नवंबर की सुबह नौ बजे से आने लगेगा रुझान
  4. वर्तमान विधायकों में कौन-कौन सीट बचाने में हुए हैं सफल, सामने आएगा परिणाम

नीरज अम्बष्ठ, रांची। झारखंड में दो चरणों में संपन्न विधानसभा चुनाव का नतीजा 23 नवंबर (Jharkhand Election Result 2024) को आएगा। पोस्टल बैलेट की गणना के साथ ही सुबह नौ बजे से रुझान सामने आने लगेगा। अपराह्न एक-दो बजे तक स्पष्ट हो जाएगा कि झारखंड में किसकी सरकार बनेगी। विधानसभा चुनाव में यह भी तय हो जाएगा कि नलिन सोरेन का लगातार सबसे अधिक बार चुनाव जीतने का रिकॉर्ड टूटेगा या नहीं। इस चुनाव में जीत से लगातार जीत का हैट्रिक, चौक-छक्का कौन-कौन नेता लगा पाते हैं, यह भी पता चल जाएगा।

वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में झामुमो के दिग्गज नेता नलिन सोरेन ने शिकारीपाड़ा विधानसभा सीट से लगातार सात जीत दर्ज कर सर्वाधिक छह बार चुनाव जीतने का अपना ही रिकार्ड तोड़ा था। इस वर्ष लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद उन्होंने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा। झामुमो ने उनकी जगह उनके बेटे को चुनाव मैदान में उतारा।

इस तरह, इस बार रांची से सीपी सिंह तथा सरायकेला से चम्पाई सोरेन जीत दर्ज करते हैं तो नलिन का रिकार्ड टूट जाएगा। पिछले चुनाव में इन दोनों नेताओं ने जीत का छक्का लगाया था। नलिन सोरेन संयुक्त बिहार में वर्ष 1990 से ही लगातार चुनाव जीत रहे थे। वहीं, चंपई सोरेन 1995 से लगातार जीत रहे हैं। सीपी सिंह को 1995 के बाद हुए उपचुनाव में जीत मिली थी, जिसके बाद वे लगातार विधानसभा पहुंच रहे हैं। इसी तरह, पोड़ेयाहाट विधानसभा सीट से से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप यादव को इस बार जीत मिलती है तो वे लगातार जीत का छक्का लगाएंगे।

प्रदीप यादव भी वर्ष 2000 से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। खूंटी से चुनाव लड़नेवाले भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ सिंह मुंडा भी इस बार चुनाव जीते तो लगातार जीत का छक्का लगाएंगे। 23 को आनेवाले परिणाम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा सभी मंत्रियों पर भी नजर रहेगी। पिछले चुनाव में तत्कालीन सात मंत्री ही सीट बचाने में सफल रहे थे, जबकि तीन की हार हो गई थी। वर्ष 2009 से ही चुनाव जीत रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चुनाव जीतते हैं तो वे लगातार जीत का चौका लगाएंगे। इसी तरह, मंत्री दीपक बिरूवा चुनाव जीतते हैं तो वे भी लगातार जीत का चौका लगाएंगे।

बिरूवा वर्ष 2009 से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। झामुमो छोड़कर भाजपा के टिकट पर जामताड़ा से चुनाव लड़नेवाली सीता सोरेन चुनाव जीतती हैं तो वे लगातार जीत का चौका लगाएंगी।इससे पहले वे लगातार तीन बार झामुमो के टिकट पर जामा से चुनाव जीत चुकी हैं। इस बार जिन हाट सीट पर चुनाव लड़नेवाले नेताओं के परिणाम पर भी सभी की निगाहें होंगी उनमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी (धनवार), कल्पना सोरेन (गांडेय), आजसू प्रमुख सुदेश महतो (सिल्ली) आदि सम्मिलित हैं।

20 से अधिक नेता लगा सकते हैं लगातार जीत की हैट्रिक

स्पीकर रबींद्रनाथ महतो इस बार चुनाव जीतते हैं तो वे लगातार जीत की हैट्रिक भी लगाएंगे। ये वर्ष 2014 से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। कई ऐसे अन्य नेता हैं जो इस बार चुनाव जीते तो लगातार जीत की हैट्रिक लगाएंगे। इनमें भाजपा प्रत्याशी अनंत ओझा (राजमहल), राज सिन्हा (धनबाद), अमर बाउरी (चंदनक्यारी), नीरा यादव (कोडरमा), भानु प्रताप शाही (भवनाथपुर), रामचंद्र चंद्रवंशी (विश्रामपुर)।

रणधीर कुमार सिंह (सारठ), नारायण दास (देवघर), विरंची नारायण (बोकारो), नवीन जायसवाल (हटिया), अमित मंडल (गोड्डा), सीता सोरेन (जामताड़ा), झामुमो के चमरा लिंडा (विशुनपुर), विकास कुमार मुंडा (तमाड़), दशरथ गगराई (खरसावां), स्टीफन मरांडी (महेशपुर), केदार हाजरा (जमुआ) कांग्रेस प्रत्याशी बादल (जरमुंडी), इरफान अंसारी (जामताड़ा), जेपी पटेल (मांडू), जदयू प्रत्याशी सरयू राय (जमशेदपुर पश्चिमी) आदि सम्मिलित हैं।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Election Result: चुनाव परिणाम तय करेंगे JMM-कांग्रेस गठबंधन का भविष्य, NDA के घटक दल भी सक्रिय

ये भी पढ़ें- Jharkhand Exit Poll: एग्जिट पोल के बाद BJP एक्टिव, रांची में हाई लेवल मीटिंग; शिवराज पहुंचे दिल्ली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।