15 नवंबर को झारखंड के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे सीएम, टॉपर्स को मिलेंगे 3 लाख रुपये और लैपटॉप
राज्य सरकार झारखंड स्थापना दिवस पर 10वीं और 12वीं के टॉपर्स, झारखंड ओलिंपियाड विजेताओं और आकांक्षा योजना के सफल छात्रों ...और पढ़ें

झारखंड स्थापना दिवस पर मेधावी छात्रों को मिलेगा सम्मान।
HighLights
झारखंड स्थापना दिवस पर मेधावी छात्रों को मिलेगा सम्मान।
बोर्ड टापर्स, ओलिंपियाड विजेताओं को मिलेंगे पुरस्कार।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य सरकार झारखंड स्थापना दिवस पर 15 नवंबर को आयोजित होनेवाले राज्य स्तरीय समारोह में 10वीं एवं 12वीं के टापर्स तथा झारखंड ओलिंपियाड, आइसीटी चैंपियनशिप के विजेताओं को पुरस्कृत करेगी।
साथ ही आकांक्षा योजना से इंजीनियरिंग व मेडिकल में नामांकित विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इसे लेकर सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। साथ ही कार्यक्रम में पुरस्कृत होनेवाले विद्यार्थियों की सूची भी भेजी है।
राज्य स्तरीय समारोह में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक), सीबीएसई तथा आईसीएसई बोर्ड की इस वर्ष की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में राज्य स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करनेवाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। जैक की 10वीं व 12वीं की परीक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करनेवाले क्रमश: 12 तथा 10 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसी तरह, सीबीएसई बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षा के क्रमश: 11 तथा 17 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
वहीं, आईसीएसई बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करनेवाले क्रमश: 14 तथा 18 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाना है। सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के भी 12 टॉपर्स पुरस्कृत होंगे।
इसके तहत सभी टॉपर्स को लैपटॉप, मोबाइल तथा प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करनेवाले को क्रमश: तीन लाख, दो लाख तथा एक लाख रुपये नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसी तरह, झारखंड ओलिंपियाड के 15 विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
आकांक्षा योजना से जेईई एडवांस में सफल 35 तथा नीट-यूजी में सफल 12, क्लैट में सफल 03 विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। पिछले वर्ष हुई आईसीटी चैंपियनशिप के विजेताओं को भी इस कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाना है।
यह भी पढ़ें- अब नए अंदाज में शोध करेंगे रांची विश्वविद्यालय में चयनित 254 शोधार्थी, कोर्स वर्क से ही दिखेगा फर्क