विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसी पुरुष से बात करने पर पत्नी के चरित्र पर संदेह मानसिक क्रूरता: झारखंड हाई कोर्ट

Published: Mon, 09 Nov 2026 07:30 PM (IST)

झारखंड हाई कोर्ट ने कहा कि पत्नी का किसी पुरुष से बात करना उसके चरित्र पर सवाल उठाने या अवैध ...और पढ़ें

किसी पुरुष से बातचीत करने के आधार पर पत्नी के चरित्र पर संदेह नहीं कर सकते।

किसी पुरुष से बातचीत करने के आधार पर पत्नी के चरित्र पर संदेह नहीं कर सकते।

HighLights

  1. पत्नी से बात करने पर चरित्र संदेह मानसिक क्रूरता है।

  2. हाई कोर्ट ने पति की तलाक अपील खारिज की।

  3. यह सोच लिंग आधारित रूढ़िवादी मानसिकता दर्शाती है।

राज्य ब्यूरो, रांची। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस मनोज प्रसाद की अदालत ने वैवाहिक मामले में सुनवाई करते हुए कहा कि पत्नी किसी दूसरे पुरुष से बात करे तो उसके चरित्र पर सवाल उठाना और अवैध संबंध का आरोप लगा देना पुरुष की संकीर्ण और लिंग आधारित सोच को दर्शाता है।

ऐसे बेबुनियाद आरोप पत्नी के प्रति मानसिक क्रूरता हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि महज किसी पुरुष से बातचीत करने के आधार पर पत्नी के चरित्र पर संदेह नहीं किया जा सकता। अदालत ने पति की तलाक की अपील खारिज करते हुए फैमिली कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा।

बोकारो के बेरमो स्थित तेनुघाट फैमिली कोर्ट के 30 नवंबर 2023 के फैसले के खिलाफ अपील दाखिल की गई थी। फैमिली कोर्ट ने पति की दायर तलाक की याचिका खारिज कर दी थी।

शादी के दस साल बाद पति ने मांगा था तलाक

पति-पत्नी की शादी 30 अप्रैल 2005 को हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी उससे दूरी बनाकर रखती थी और अक्सर उसके तथा परिवार के सदस्यों के साथ झगड़ा करती थी। पति का यह भी आरोप था कि पत्नी उसके मोबाइल फोन से किसी अनजान पुरुष से बातचीत करती थी और उसका उस व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था।

उसने दावा किया था कि पत्नी 15 अप्रैल 2015 को वैवाहिक घर छोड़कर चली गई थी। इसी आधार पर उसने तलाक की मांग की थी। पत्नी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उसे प्रताड़ित किया जाता था और दहेज की मांग की जाती थी। पत्नी ने पति पर भी उसके साथ काम करने वाली एक महिला से अवैध संबंध होने का आरोप लगाया था।

महिला के पुरुष से बात करने को अवैध संबंध मानना गलत

मानसिक प्रताड़ना के आरोप पर सुनवाई करते हुए खंडपीठ ने कहा कि पति की ओर से पत्नी के अवैध संबंध का आरोप मुख्य रूप से इस बात पर आधारित था कि वह उसके मोबाइल फोन से किसी अनजान पुरुष से बातचीत करती थी।

अदालत ने कहा कि यह सोच लिंग आधारित रूढ़िवादी मानसिकता को दर्शाती है। किसी महिला के किसी पुरुष से बातचीत करने, यहां तक कि दोस्त होने की स्थिति में भी, उसके चरित्र पर सवाल उठाना और उस पर व्यभिचार या अवैध संबंध का आरोप लगा देना उचित नहीं है।

अदालत ने स्पष्ट कहा कि इस तरह के आरोप पत्नी के प्रति मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आते हैं। हालांकि, खंडपीठ ने यह भी कहा कि यदि पत्नी भी बिना उचित साक्ष्य के पति पर अवैध संबंध का आरोप लगाती है, तो ऐसा आरोप भी मानसिक क्रूरता हो सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।