विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand IMD Weather Update: खुशखबरी! झारखंड में एक बार फिर सक्रिय हुआ मानसून, अगले 4 दिन झमाझम बारिश के आसार

By Jagran NewsEdited By: Mohit Tripathi
Published: Tue, 01 Aug 2023 10:05 PM (IST)

झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रांची समेत आसपास के जिलों में रह-रहकर बूंदाबांदी हो रही ...और पढ़ें

राज्या में अच्छी बारिश होने की संभावना। (फाइल फोटो)
राज्या में अच्छी बारिश होने की संभावना। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. दोबारा सक्रिय हुआ मानसून, अगले चार दिनों होगी अच्छी वर्षा
  2. राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में अच्छी बारिश की संभावना।
  3. मौसम विभाग रांची जारी किया येलो अलर्ट।

जागरण संवाददाता, रांची। Jharkhand IMD Weather Update: झारखंड में मानसून (Monsoon In Jharkhand) एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में रह-रहकर बूंदाबांदी हो रही है। मानसूनी बारिश से गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ किसानों को भी हिम्मत मिल रही है। राज्य के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो, राज्य के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र यानी देवघर, दुमका, जामताड़ा, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज और मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, बोकारो में बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी वर्षा के संकेत हैं।

येलो अलर्ट जारी

आने वाले दिनों में भारी बारिश के आसार को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने बाकायदा येलो अलर्ट जारी किया है। इन दो जिलों में तेज वर्षा के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। लोगों को सतर्क रहने और जरुरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की हिदायत दी गई है।

क्या था पिछले 24 घंटों का हाल

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है। कहीं-कहीं भारी वर्षा हुई है। सबसे अधिक बारिश सिमडेगा के पाकरटंड में (212.4 मिमी) दर्ज की गई है। वहीं, अधिकतम तापमान की बात करें तो गोड्डा में सबसे अधिक 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान की बात करें तो रांची में सबसे कम 22.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

चार दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले चार दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। 2 अगस्त को लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। जबकि अन्य तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी कर कुछ स्थानों पर वज्रपात की चेतावनी है।

सामान्य से 47 प्रतिशत कम हुई बारिश

जून और जुलाई में राज्य में हुई कम वर्षा के कारण किसानी काफी प्रभावित हुई है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से दोबारा मानसून के सक्रिय होने से खेतों में पानी तो भर गया है, लेकिन धान के बिचड़ों को दोबारा खेतों में डालना पड़ा। इससे पूर्व बिचड़े सूख चुके थे। पूरे राज्य में सामान्य से 47 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

इन जिलों में सुखाड़ की स्थिति

मौसम विभाग की ओर से 17 जिलों में हालात ठीक नहीं है। पांच जिले चतरा, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा और लोहरदगा में सुखाड़ की स्थिति है। राज्य में 15 प्रतिशत ही धान की रोपाई हो सकी है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि लो प्रेशर मध्य भारत की ओर चला गया है। जिसका असर झारखंड पर पड़ा है।

उत्तरी बंगाल में निम्न दबाव यानी लो प्रेशर बना है लेकिन यह दक्षिणी ओडिशा होते हुए मध्य भारत चला गया है। टर्फ लाइन नार्मल पोजिशन से नीचे दक्षिण की ओर बना है इस कारण राज्य में औसत से कम वर्षा हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।