झारखंड में शराब के कारोबार में निवेश, योगेंद्र तिवारी से संबंधों पर ED ने रोहित उरांव से पूछे सवाल
ईडी ने झारखंड शराब घोटाला मामले में पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव से दिनभर पूछताछ की। यह पूछताछ पुरानी उत्पाद नीति के दौरान शर ...और पढ़ें

ईडी ने रोहित उरांव से की लंबी पूछताछ, पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव भी होंगे तलब।
HighLights
रोहित उरांव से शराब घोटाला मामले में ईडी की पूछताछ।
पुरानी उत्पाद नीति में निवेश और योगेंद्र तिवारी से संबंध।
पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव से भी होगी पूछताछ।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में शराब घोटाला मामले में मनी लांड्रिंग के बिंदु पर जांच कर रही ईडी ने झारखंड सरकार के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव से सोमवार को दिनभर पूछताछ की। रोहित उरांव ईडी के दूसरे समन पर पूछताछ में शामिल होने के लिए ईडी के रांची एयरपोर्ट रोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पहुंचे थे।
ईडी ने उनसे पूर्व की उत्पाद नीति के दौरान शराब के धंधे में निवेश, योगेंद्र तिवारी व अधिकारियों-नेताओं के करीबी रहे प्रेम प्रकाश से संबंधों पर भी ईडी ने उनसे पूछताछ की है। रोहित उरांव ने अपने जवाब से ईडी के अधिकारियों को संतुष्ट करने का प्रयास किया है। अब ईडी उनके जवाब की समीक्षा कर रही है।
जांच के क्रम में ही मंगलवार को ईडी पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव से भी पूछताछ करेगी। रामेश्वर उरांव लोहरदगा सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। ईडी को जानकारी मिली थी कि पूर्व की उत्पाद नीति के दौरान रोहित उरांव ने शराब के धंधे में काले धन का निवेश किया, जिसमें योगेंद्र तिवारी व प्रेम प्रकाश का भी सहयोग मिला।
इन्हीं सभी बिंदुओं पर रोहित उरांव से पूछताछ की गई है। रोहित उरांव से चार साल पुराने इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट (ईसीआइआर) के आधार पर ईडी ने पूछताछ की है।
ईडी ने देवघर में दर्ज चार अलग-अलग प्राथमिकियों के आधार पर 31 मार्च 2022 को ईसीआइआर दर्ज की थी। इसके बाद देवघर व जामताड़ा से जुड़े करीब 15 अन्य प्राथमिकियों को भी अपने इस ईसीआइआर से अटैच किया था।
ये प्राथमिकियां अवैध तरीके से दूसरे की जमीन पर कब्जा व फर्जी दस्तावेज पर खरीद-बिक्री, अवैध बालू कारोबार व अवैध तरीके से शराब की खरीद-बिक्री से संबंधित थीं।
केस दर्ज करने के बाद ईडी ने 23 अगस्त 2023 को झारखंड सरकार के तत्कालीन वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव व शराब माफिया योगेंद्र तिवारी के आवास सहित 36 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी में रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव के ठिकाने से 30 लाख रुपये नकदी मिले थे।
खबरें और भी
ईडी ने मौके से भारी मात्रा में दस्तावेज की जब्ती की थी। दस्तावेज की छानबीन में ईडी को जानकारी मिली थी कि रोहित उरांव ने झारखंड में पूर्व की शराब नीति के दौरान अपने सहयोगियों के माध्यम से बड़ी मात्रा में निवेश किया था।
छानबीन के क्रम में ही ईडी ने 19 अक्टूबर 2023 को शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था और दिसंबर में उसके विरुद्ध दाखिल चार्जशीट दाखिल की थी। दाखिल चार्जशीट में ईडी ने अदालत को योगेंद्र तिवारी के माध्यम से अवैध तरीके से अर्जित धन की जानकारी दी थी।
पूर्व में दस्तावेज से मिले साक्ष्य आदि के आधार पर ही छानबीन के क्रम में ईडी को रोहित उरांव व उनके पिता पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव से पूछताछ की आवश्यकता महसूस हुई थी। इससे पहले ईडी ने रोहित उरांव को 29 जून को पूछताछ करने के लिए पहला समन किया था, लेकिन वे ईडी के सामने उपस्थित नहीं हो सके थे।
उन्होंने भी दस्तावेज तैयार करने के लिए ईडी से तीन सप्ताह का समय मांगा था। उनके आवेदन पर विचार के बाद ईडी ने समन कर छह जुलाई को पूछताछ के लिए समन किया था।
आज पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव से प्रस्तावित है पूछताछ
ईडी ने पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव से सात जुलाई को पूछताछ करने के लिए दूसरा समन जारी किया था। आज यानी मंगलवार को रामेश्वर उरांव से भी पूछताछ होगी।
रामेश्वर उरांव वर्तमान में लोहरदगा के विधायक हैं। ईडी ने पहले उन्हें 30 जून को पूछताछ के लिए पहला समन किया था, जिसमें उन्होंने ईडी से पत्राचार कर तीन सप्ताह का समय मांगा था।
उन्होंने अपने पत्र के माध्यम से बताया था कि उपरोक्त मामले में उन्हें दस्तावेज तैयार करना है, जिसके लिए उन्हें समय चाहिए। इसी बीच ईडी ने दूसरा समन कर उन्हें सात जुलाई को पूछताछ के लिए बुलाया है।